दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में गुंजायमान हुआ... श्री विष्णु सहस्त्रनाम... एक सुर में 14 जोड़ों सहित 76 लोगों ने किया 11 बार पाठ

रायपुर। शनिवार को महाराष्ट्र मंडल में सुबह से भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित होते रही। आज अधिकमास की एकादशी के विशेष अवसर पर महाराष्ट्र मंडल ने 'श्री विष्णु सहस्त्रनाम' पाठ का आयोजन किया, जिसमें 14 जोड़ों को वेदी पर बिठाया गया। इन सभी जोड़ों ने संकल्प के साथ जगत पालनहार श्री हरी की पूजा की। जिसके बाद एक सुर में 11 बार कलियुग के संहारक 'श्री विष्णु सहस्त्रनाम' का पाठ किया। इनके साथ 62 लोग अपने स्‍वजनों के साथ श्रीहरी के अभिषेक में शामिल हुए और 'श्री विष्‍णु सहस्त्रनाम' का पाठ किया। 
 

महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक समिति की प्रमुख आस्था काळे ने बताया कि इस आयोजन की जानकारी मिलने के बाद स्वयं होकर महाराष्ट्रीयन परिवार के लोगों ने संपर्क किया और इस पाठ में सहभागी बनने की इच्छा जाहिर की। उन्होंने बताया कि आयोजन शुरु होने से पहले करीब 5 दिनों तक प्रतिदिन ऑनलाइन माध्‍यम से 'श्री विष्‍णु सहस्त्रनाम' पाठ का अभ्यास सभी लोगों ने पूरी शिद्दत के साथ किया। आस्था ने बताया कि एकादशी की पूर्व रात्रि भी सभी जोड़ों ने मंडल आकर खुद को लयबद्ध करने का प्रयास किया। 
 

आस्था ने बताया कि शनिवार को अधिकमास की एकादशी के अवसर पर इस आयोजन में भाग लेने वालों ने व्रत धारण किया। पहले भगवान की पूजा हुई, जिसके बाद एक लय में पाठ का अयोजन हुआ। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि लगातार 11 बार पाठ किया गया, लेकिन इस दौरान ना तो लय बिगड़ा और ना ही निरंतरता टूटी।