संत ज्ञानेश्वर स्कूल के शिक्षकों के नाम... विषयवार संयोजन समिति में प्रमुखता से शामिल... महाराष्ट्र मंडल की शिक्षक सदस्यों को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी
2023-08-18 06:34 PM
1225
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल समाजिकता के क्षेत्र में जितना आगे है, शिक्षा के क्षेत्र में मंडल के कदम लगातार और ज्यादा तेजी से बढ़ रहे हैं। इस साल माध्यमिक शिक्षा मंडल ने पाठयचर्या समिति का गठन किया है, उनमें एक विषय के संयोजक के तौर पर जहां संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्राचार्य मनीष गोवर्धन को दायित्व प्रदान किया गया है, तो दूसरे विषय के लिए महाराष्ट्र मंडल की सदस्य सरिता नासरे को जिम्मेदारी सौंपी है।
वहीं विषयवार संयोजन समिति के सदस्यों में भी संत ज्ञानेश्वर स्कूल के शिक्षकों को प्रमुखता से शामिल करते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने मान बढ़ाया है। बता दें कि संत ज्ञानेश्वर स्कूल के शिक्षक अखिल खरे को हाई स्कूल गणित विषय के संयोजन समिति का सदस्य बनाया गया है, वहीं तृप्ति अग्निहोत्री को हायर सेंकेंड्री जीव विज्ञान विषय के संयोजन समिति में सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है।
इसी तरह हाई व हायर सेकेंड्री स्कूल में मराठी विषय के लिए जिन चार सदस्यों का नाम शामिल किया गया है, सभी महाराष्ट्र मंडल की प्रमुख सदस्य हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा महाराष्ट्र मंडल के इन सभी सदस्यों को विशेष तौर पर मराठी विषय के लिए जिम्मेदारी दिए जाने पर मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने साधुवाद दिया है।

महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने कहा कि जिन शिक्षकों को माध्यमिक शिक्षा मंडल ने पाठ्यचर्या समिति के संयोजक और सदस्यों के लिए चुना है, वे सभी अपने विषयों के अच्छे जानकार होने के साथ ही अपने दायित्व के प्रति समर्पित लोग हैं। इसके लिए काले ने सभी को शुभकामनाएं प्रेषित की है।