सामूहिक मंगलागौर पूजा में रहा त्यौहार का माहौल, महाराष्ट्र मंडल और महाराष्ट्र संस्कार केंद्र का संयुक्त आयोजन
2023-09-12 02:17 PM
1889
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल और महाराष्ट्र संस्कार केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में सामूहिक मंगलागौर पूजा भक्तिमय वातावरण में की गई। कार्यक्रम में सुबह से ही मां गौरी- पार्वती की पूजा का जो भक्तिमय वातावरण बना, वह दोपहर ढलने तक जस का तस रहा। सामूहिक मंगलागौर व्रत पूजन उद्यापन में 12 विवाहित महिलाएं अपने परिवार के साथ शामिल हुईं। पूजा- अर्चना, महाआरती के बाद महाप्रसाद में सभी शामिल हुए।
मंडल के सचिव और महाराष्ट्र संस्कार केंद्र के संस्थापक चेतन गोविंद दंडवते ने बताया कि यह आयोजन प्रतिवर्ष सावन मास के अंतिम मंगलवार को किया जाता है। इसमें मंगलगौर का व्रत रखने वाली महिलाओं की वैवाहिक जीवन में सुख- समृद्धि, पति- पुत्र की दीर्घायु, घर परिवार में सुख- शांति और संतान प्राप्ति की कामनाएं पूरी होती हैं। चेतन ने कहा उन्हें विश्वास है कि पूजा में सपरिवार शामिल हुईं सभी व्रती महिलाओं की कामनाएं पूरी होंगी।

इस मौके पर महाराष्ट्र मंडल की पर्यावरण समिति के प्रभारी अभय भगवतकर ने बताया कि सार्वजनिक मंगलगौर पूजा उद्यापन के दौरान व्रती महिलाओं को उपहार स्वरूप बेल के पौधे सौंपे गए। जिसकी व्रती महिलाओं के स्वजनों ने भी प्रशंसा की। पूजा संपन्न कराने में पंडित अभिषेक बक्षी ने विशेष भूमिका निभाई। वही कार्यक्रम को सुचारू बनाएं रखने के लिए कार्यकारिणी सदस्य नमिता शेष, रश्मि गोवर्धन, संस्कार समिति की सह प्रभारी गौरी क्षीरसागर, पर्यावरण समिति के अभय भगवतकर, चौधरी, करकशे सहित अनेक सदस्य सक्रिय रहे।