दिव्य महाराष्ट्र मंडल

छोटों ने पेंसिल से उकेरा श्रीगणेश... तो बड़ों ने सुलेख और निबंध में दिखाया अपना टैलेंट

रायपुर। महाराष्ट्र मंडळ के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में गुरुवार को बच्चों की अनोखी प्रतिभा नजर आई। सभी बच्चों का टैलेंट एक से बढ़कर एक रहा। बात चित्रकला की हो या कलरिंग की। सुलेख और निबंध प्रतियोगिता में बच्चों ने गजब का जलवा बिखेरा। अवसर था शहीद मेजर यशवंत गोरे स्मृति गणेशोत्सव में महाराष्ट्र मंडळ की युवा समिति की ओर से आयोजित वाद-विवाद, सुलेख और चित्रकला प्रतियोगिता का। स्पर्धा में विजयी बच्चों को मंडल की युवा समिति की ओर से प्रमाण पत्र और प्रथम, द्वितीय आने वाले बच्चों को पुरस्कार दिया गया।  
 
 
महाराष्ट्र मंडळ के युवा समिति के प्रभारी विनोद राखुंडे ने बताया कि युवा समिति की ओर से चित्रकला, कलरिंग, निबंध, सुलेख और वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडळ द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर स्कूल के बच्चों के साथ सेंट थामस, आरडी तिवारी आत्मानंद स्कूल, जेएन पांडेय स्कूल के बच्चों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में सुलेख, निबंध और वाद-विवाद के लिए निर्णायक की भूमिका में मंडळ की आजीवन सभादन कुमुद लाड और मंडल सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी थे। 
 
 
विनोद ने आगे बताया कि छोटे बच्चों के लिए कलरिंग  का आयोजन था। बच्चों श्रीगणेश की स्कैच में शानदार रंग भरे। वहीं बड़े बच्चों ने पेंसिल से पर्यावरण, श्रीगणेश और पंडाल थीम के साथ गणेश की सुंदर चित्र बनाया। बच्चों की पेटिंग इतनी अच्छी थी कि स्पर्धा के विजेता चयन के लिए केपीएस स्कूल की आर्ट टीचर सारिका बडरोटे को बुलाना पड़ा। उन्होंने सभी चित्रों का अवलोकन कर विजेता का चयन किया। 
 
 
युवा समिति की शुचिता देशमुख ने बताया कि वाद-विवाद प्रतियोगिता में संत ज्ञानेश्वर की श्रद्धा ईश्शर प्रथम और सेंट थामस की महिमा वर्मा द्वितीय रही। सुलेख स्पर्धा में सेंट थामस की रागिनी कुशवाहा प्रथम और संत ज्ञानेश्वर की रिद्धी साहू दूसरे स्थान पर रही। निबंध में सेंट थामस की मानसी कुशवाहा ने बाजी मारी। वहीं दूसरे स्थान पर संत ज्ञानेश्वर स्कूल की अनम बानो रही।  
 
 
शुचिता ने आगे बताया कि प्री-प्राइमरी के बच्चों से कलरिंग कराया गया। इसमें प्रज्ञादीप दास प्रथम और अनय अंबारे द्वितीय रहे। चित्रकला स्पर्धा दो वर्गों में थी। प्राइमरी वर्ग में आरडी तिवारी स्कूल की लतिका साहू प्रथम और संत ज्ञानेश्वर की प्रतिमा दास द्वितीय रही। इसी तरह बड़े बच्चों के लिए आयोजित चित्रकला में आरडी तिवारी स्कूल की जिज्ञासा साहू प्रथम और आरडी तिवारी की हंसिका सोनी दूसरे स्थान पर रही। कार्यक्रम में गीता दलाल, रीना बाबर, सचिंद्र देशमुख का विशेष योगदान रहा।