वृद्धजन दिवस पर महाराष्ट्र मंडळ के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान
2023-09-29 02:49 PM
631
रायपुर। अपने सामाजिक दायित्यों का निर्वहन कर रहा महाराष्ट्र मंडळ 1 अक्टूबर को वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करेगा। सुबह 10:15 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में परिचय, स्वागत, स्वास्थ्य परीक्षण, मनोरंजन, संगीत, खेल के मनोरंजक आयोजन होंगे। इनमें विजेता प्रतिभागियों को आकर्षक उपहार दिये जाएंगे।
कार्यक्रम के संयोजक व महाराष्ट्र मंडल के सचिव चेतन दंडवते के अनुसार संत ज्ञानेश्वर स्कूल के सह प्रभारी परितोष डोनगांवकर साइबर अपराध से वरिष्ठों को सावधान करने और आनलाइन भुगतान, ओटीपी की गोपनीयता व सार्थकता और सोशल मीडिया के मनोरंजक लेकिन सकारात्मक उपयोग पर कार्यशाला लेंगे।
दंडवते ने बताया कि आध्यात्मिक समिति एवं युवा समिति के पदाधिकारी सभी वरिष्ठ सदस्यों का गुलाब के फूलों के साथ स्वागत करेंगे। कला एवं सांस्कृतिक समिति 60-70 के दशक के सुमधुर गीतों की प्रस्तुति देगी। उन पर आधारित प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी किया गया है।
इस दौरान विशेषज्ञों के लिए महाराष्ट्र मंडल के भूतल पर नेत्र, बीपी और शुगर सहित अनेक बीमारियों की नि:शुल्क जांच की जाएगी। मंडल की स्वास्थ्य समिति के प्रभारी अरविंद जोशी ने बताया कि इस मौके पर उन्हें सेहतमंद रहने और बीपी- शुगर जैसी बीमारियों में अपने आप को संतुलित रखते हुए सक्रिय रखने के टिप्स दिए जाएंगे। डॉक्टर वृद्धजनों की नई- पुरानी बीमारियों पर भी चर्चा करके उन्हें आवश्यक परामर्श देंगे।
दूसरी ओर विनियोजन एवं सुरक्षा को लेकर मंडल के वरिष्ठ आजीवन सभासद और चार्टर एकाउंटेंट रामदास यशवंत जोगलेकर आवश्यक व ज्ञानवर्धक जानकारी देंगे। जोगलेकर पूंजी निवेश, पेंशन योजना पर निवेश और विभिन्न कर्म से बचने के उपाय पर भी सविस्तार चर्चा करेंगे।
दंडवते जी ने बताया कि जिन सदस्यों का जन्मदिन एक अक्टूबर को होगा, संस्कृति एवं पर्यावरण समिति उनका सम्मान करेगी। स्वास्थ्य समिति की ओर से नेत्र शिविर लगाया जाएगा। इसके साथ बुजुर्गों की सुविधाओं के संबंध में प्रधानमंत्री रेल मंत्री को ईमेल की जानकारी मंडळ सचेतक रविंद्र ठंगड़ी सांझा करेंगे। उपस्थित लोगों के मनोरंजन के लिए आकर्षक खेल का आयोजन खेल समिति के सहयोग से सचिव द्वारा किया जाएगा।