वृद्धजन दिवस: महाराष्ट्र मंडल ने किया वरिष्ठ जनों का अभिनंदन.... रोचक खेल के साथ दी गई ज्ञानवर्धक एवं स्वास्थ्यगत जानकारियां
2023-10-01 11:06 PM
1145
रायपुर महाराष्ट्र मंडल में रविवार को वृद्धजन दिवस पर दिलचस्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में वरिष्ठ जनों की भागीदारी वाले इस कार्यक्रम में पुराने आजीवन सभासदों को ऑनलाइन पेमेंट, साइबर क्राइम से बचने के उपाय, रिटायरमेंट के बाद निवेश, ब्याज दर, विभिन्न टैक्स, पेंशन स्कीम और सेहत और नेत्र सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस बीच उन्हें मनोरंजक खेल, अल्फा बीट विथ तंबोला भी खिलाया गया। इसके अलावा 60-70 के दशक के कई सुमधुर फिल्मी गीत वैशाली जोशी, प्रसन्ना वराड़पांडे व उनकी बेटी दीक्षा ने वृद्धजनों के समक्ष प्रस्तुत किए। महाराष्ट्र मंडल परिसर में ही निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर लगाया गया था। इसमें बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हुए।
विशिष्ट अतिथियों प्रमोदिनी देशमुख, विजय निमोणकर, प्रभाकर मैराल और अनिल श्रीराम कालेले के सम्मान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। संत ज्ञानेश्वर स्कूल के सह प्रभारी परितोष डोनगांवकर ने ऑनलाइन पेमेंट के लिए बरती जाने वाली सावधानियों की वरिष्ठजनों को जानकारी दी। साथ ही इसमें होने वाले फ्राॅड से सचेत भी किया। परितोष की ही बातों को आगे बढ़ते हुए जेएस उरकुरकर ने प्रत्येक मोबाइल में अनिवार्य रूप से ट्रूकॉलर एप्लिकेशन डाउनलोड करने का आग्रह किया, ताकि आपको किए जाने वाले प्रत्येक कॉलर की जानकारी, आपको मिल सके और आप यह तय कर सकें कि कॉल को रिसीव करना है या नहीं।
चार्टर्ड अकाउंटेंट रामदास यशवंत जोगलेकर ने वृद्धजनों को मिलने वाली वरिष्ठ जन स्कीम, विशिष्ट जन स्कीम और अति विशिष्ट जन स्कीम की जानकारी और इसके तहत् मिलने वाले अलग- अलग ब्याज दर व सुविधाओं संग योजनाओं की जानकारी दी। रामदास ने बताया कि यदि कोई बुजुर्ग दपंती किसी वित्तीय संकट से जूझ रहा हैं, तो वह किसी भी बैंक में अपने मकान को रिवर्स मॉर्टगेज रखकर लोन ले सकता हैं। इस लोन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि आपके जाने के बाद के बाद आपके जो भी नॉमिनी होंगे, उन्हें यह लोन बैंक को अदा करना होगा। उसके बाद ही उन्हें आपका मकान मिल पाएगा। अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया तो आपका मॉर्टगेज मकान बैंक के अधीन ही रहेगा।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डाॅ. अनिल कुमार गुप्ता ने दृष्टि और दृष्टिकोण को ठीक करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हम अपनी दृष्टि और दृष्टिकोण को बहुत ही सहज तरीके से बेहतर कर सकते हैं। इसके लिए हमें सवेरे उठकर नेत्र दृष्टि योग करना चाहिए। उन्होंने कई प्रेक्टिकल करके भी दिखाया कि हमारे शरीर के आसपास जब भी गैजेट्स, कोल्ड ड्रिंक या नकारात्मक चीज होती हैं, तो उसका असर हमारे शरीर की ऊर्जा पर कैसे होता है और यदि यह चीज हमारे शरीर के पास नहीं होती तो हमारा शरीर पहले की तरह ही कितना ऊर्जावान और बलवान होता है। उन्होंने कहा कि यदि हम मोबाइल को तकिए के नीचे रखते हैं तो सिर में ट्यूमर होने की आशंका बढ़ जाती है। छाती पर रखते हैं तो हार्ट प्रॉब्लम, पेट की जेब में रखते हैं तो हिप जॉइंट के की समस्याएं बढ़ जाती हैं। रात को सोते समय अंधेरे में यदि हम मोबाइल देखते हैं तो इसकी नीली रोशनी से रेटिना के पर्दे डीजनरेट होने लगते हैं। इसे स्वाभाविक तौर पर कैंसर की आशंका बढ़ जाती है
सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी ने रेल मंत्री अश्विन कुमार और प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजे जाने वाले पत्र का वाचन करते हुए मांग की कि कोरोना काल के समय रेलवे की ओर से वरिष्ठ जनों को मिलने वाली सुविधाएं जो बंद कर दी गई थी, उन्हें तत्काल बहाल करें क्योंकि भारत देश में अब कोरोना का दूर- दूर तक नामोनिशान नहीं है और वृद्धजन ट्रेन में सफर करने के लिए पूरी तरह सुरक्षित और उत्साहित हैं। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से वृद्धजनों को प्रत्येक ट्रेन में और सभी श्रेणियों की टिकट बुकिंग में पहले मिलने वाली वृद्ध पुरुष यात्री को 40% और वृद्ध महिला यात्री को 50% की छूट बहाल करें।
मंडल के सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने वृद्धजनों को अल्फाबेट से संबंधित मनोरंजन तंबोला खिलाया। इस प्रतियोगिता के विजेता विद्याधर बक्षी, सुनीता ओक, सुरेखा बक्षी, अशोक भाले, विजया अशोक भाले, शरद जोशी और कैलाश पवार बने। कार्यक्रम का संचालन दिव्यांग बालिका विकास गृह की प्रभारी आस्था काले और रेणुका पुराणिक ने किया। वृद्धजनों का सम्मान पर्यावरण समिति के अभय भागवतकर, अनुराधा चौधरी, प्रीति शेष, अनघा करकशे, कार्यकारिणी से नमिता शेष, गीता दलाल, वैभव बर्वे सहित रंजन मोडक ने किया। इस मौके पर अपर्णा कालेले, श्याम दलाल, अनिल, अनिता नलगुंडवार, शशि वरवंडकर, पद्मजा, कुमुदिनी, विनोद लाड, प्रसन्न, वंदना निमोणकर, दिनकर करकशे, कल्पना किरवईवाले, अभिषेक बक्षी सहित बड़ी संख्या में समस्त समितियों के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ जन उपस्थित रहे।