महाराष्ट्र मंडल में सात साल के बाद मराठी सोहला.... 28- 29 को होने वाले समारोह में हर आयुवर्ग के लिए बहुत कुछ
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में सात साल के बाद मराठी सोहला (समारोह) का शानदार आयोजन होने जा रहा है। 28 और 29 अक्टूबर को होने वाले इस आयोजन में कोजागिरी उत्सव, छत्तीसगढ़ राज्योत्सव भी शामिल होगा। आयोजन स्थल पर दिनभर मनोरंजक कार्यक्रमों के अलावा हर आयु वर्ग को लुभाते हुए कई आकर्षक स्टाल भी लाए जाएंगे।
मंडल के सचिव एवं मराठी सोहला के प्रभारी चेतन दंडवते ने बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन के लिए तकरीबन 30 स्टॉल लगाए जाएंगे। दीपावली पर्व से पूर्व इन स्टालों में वह सभी आइटम होंगे, जो आपको किफायती दरों पर तो मिलेंगे ही, साथ ही दिवाली की खरीदारी के लिए भीड़ भरे बाजार में जाने से बचने का शानदार विकल्प भी देंगे। इसके अलावा कई स्टालों में चटपटे- लज्जतदार खानपान के साथ मराठी व्यंजनों की बहार भी होगी। दंडवते ने कहा कि वातानुकूलित क्षेत्र में सजे एक्सक्लूसिव स्लॉट में लोगों को दिवाली के संदर्भ में घर की साज- सज्जा के आयटम, डिजाइनर परिधान, आर्टिफिशियल ज्वेलरी जैसे एक से बढ़कर एक आकर्षक चीजें खरीदने का मौका मिलेगा।
मंडल की महिला प्रमुख और मराठी सोहला की सह प्रभारी विशाखा तोपखानेवाले के मुताबिक समारोह के दोनों दिन सुबह से ही हर आयु वर्ग के सदस्यों व उनके परिजनों को अपनी प्रतिभा दिखाने का भरपूर मौका मिलेगा, बशर्ते वे तय समय से पहले ही अपनी प्रस्तुति की जानकारी दे दें। मराठी सोहला में उन कार्यक्रमों को प्राथमिकता मिलेगी, जो हाल ही में संपन्न गणेशोत्सव में नहीं हो पाए थे। इस बीच छोटे और किशोर वय के बच्चों को लुभाने के लिए जादू, युवाओं के लिए एकल अभिनय, नृत्य और गायन, महिलाओं के लिए समूह व एकल नृत्य, तंबोला, प्रश्नोत्तरी, लघु नाटिका और अधेड़ व बुजुर्ग सभासदों के लिए मराठी फिल्म का प्रदर्शन प्रस्तावित है। हर आयु वर्ग के लिए बहुत सी खेल स्पर्धाएं भी होंगी।
महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने कहा कि कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने, विविध कार्यक्रमों के लिए जिम्मेदारी देने और प्रायोजक तय करने के लिए शनिवार, सात अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे महाराष्ट्र मंडल में बैठक आहूत की गई है। बैठक में कार्यकारिणी सदस्यों के अलावा सभी 15 महिला केंद्रों की संयोजिकाएं, सह संयोजिकाएं, सभी समितियां और महाराष्ट्र नाट्य मंडल के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। सात वर्षों के बाद होने वाले मराठी सोहला को लेकर मंडल के सदस्यों में अभी से भारी उत्साह देखा जा रहा है।