दिव्य महाराष्ट्र मंडल

मराठी सोहला में मैजिक शो, रेंगने वाले बच्चों की दौड़ भी... महाराष्ट्र मंडल की समितियों व महिला केंद्रों को सौंपी गई जिम्मेदारी

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में 28 और 29 अक्टूबर को होने वाले मराठी सोहला (समारोह) की रूपरेखा तय कर ली गई है। सोहला को लेकर कार्यकारिणी सदस्यों, सभी 15 केंद्रों और विभिन्न समितियों को जिम्मेदारी दी गई है।शनिवार को आहूत बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। इसमें मुख्य रूप से बच्चों के लिए जंपिंग जपांग, मिकी माउस, मैजिक शो जैसे मनोरंजन को भी सोहला से जोड़ने का निर्णय प्रमुख है। 
 
मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि महाराष्ट्र के ऐतिहासिक किरदारों को लेकर फैंसी ड्रेस स्पर्धा के साथ 28 अक्टूबर को दोपहर 2:30 बजे मराठी सोहला का शुभारंभ होगा। हर आयु वर्ग के लिए आयोजित इस स्पर्धा में हमारी नई पीढ़ी मराठी समाज के ऐतिहासिक किरदारों से रूबरू हो पाएगी। शाम 5:00 बजे रंगोली प्रतियोगिता, दीया सजाओ स्पर्धा, व्यंजन प्रतियोगिता, क्विज कांम्पिटिशन, आरती थाल सजाओ स्पर्धा जैसे आयोजन किए जाएंगे। मंडल की महिला प्रमुख और मराठी सोहला की सह प्रभारी विशाखा तोपखानेवाले के अनुसार शाम 7:00 बजे रायपुर के विभिन्न समाजों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। नगर स्तरीय इस कार्यक्रम में 20 समाजों को शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।
 
दो दिवसीय मराठी सोहला के प्रभारी चेतन दंडवते के अनुसार 29 अक्टूबर, रविवार को सुबह 11:00 बजे से दादा-दादी, पोता- पोती क्विज स्पर्धा, बेस्ट ड्रेस स्पर्धा, तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता जैसे कई रोचक आयोजन किए जाएंगे। इसी समय महाराष्ट्र मंडल परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया जाएगा। जिसमें ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी की नि:शुल्क जांच की जाएगी। 
 
खेलकूद समिति की प्रभारी गीता दलाल ने बताया कि सुबह 11:30 बजे स्वस्थ शिशु स्पर्धा के अलावा नगर स्तरीय 10 महीने तक के रेंगते हुए बच्चों की दौड़ स्पर्धा आयोजित की जाएगी। दोपहर 12:00 बजे बृहन्न महाराष्ट्र मंडल के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ स्तरीय मंडलों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ बृहन्न महाराष्ट्र मंडल और महाराष्ट्र मंडल के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में क्लासिकल गायन और डांस देखने को मिलेगा। 
दोपहर 2:00 बजे आध्यात्मिक समिति की ओर से भगवान के नाम बताओ प्रतियोगिता, मंत्रोच्चार स्पर्धा, धार्मिक ग्रंथों के रचयिता के नाम की क्विज स्पर्धा होगी। इसी समय खेल समिति की ओर से कुर्सी दौड़, अल्फाबेट स्पर्धा, तंबोला जैसे कार्यक्रम होंगे।
 
शाम 4:00 बजे महाराष्ट्र मंडल के सभी 15 केंद्रों और 16 समितियों के सदस्यों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। रात 8:00 बजे पुरस्कार वितरण समारोह के साथ दो दिवसीय मराठी सोहला का समापन होगा।