महाराष्ट्र मंडल में आज से गरबा महोत्सव.... प्रशिक्षण के आखिरी दिन बड़ी संख्या में जुटे युवा, बच्चे व महिलाएं
2023-10-19 09:01 AM
1130
रायपुर। चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल और शंकर नगर स्थित मंडल के बाल वाचनालय में बुधवार की देर शाम तक गरबा प्रशिक्षण के अंतिम दिन बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और कई घंटे तक रास गरबा व डांडिया के स्टेप सीखने के लिए पसीना बहाया। आत्मविश्वास से भरी हुई युवाओं और महिलाओं की टीम गुरुवार से महाराष्ट्र मंडल के लाॅन एरिया में शुरू हो रहे पांच दिवसीय डांडिया महोत्सव में भाग लेने के लिए पूरी तरह तैयार है।
गरबा महोत्सव के प्रभारी अजय पोतदार के अनुसार महाराष्ट्र मंडल के लाॅन एरिया में अभय भागवतकर के साथ उन्होंने रास डांडिया के स्टेप सिखाने पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया। तय समय से ज्यादा देर तक लोग गरबा और डांडिया का प्रशिक्षण लेते रहे। वहीं शंकर नगर के बाल वाचनालय में देविका देशपांडे ने लगभग तीन घंटे तक मंडल के शंकर नगर, आनंद नगर, अवंति विहार, देवेंद्र नगर, मोवा, सड्डू, केंद्र की महिलाओं, युवतियों व बच्चों को गरबा के विभिन्न स्टेप सिखाए।
इधर महाराष्ट्र मंडल के लाॅन एरिया में बुधवार की शाम 7:30 बजे से शुरू हो रहे पांच दिवसीय गरबा महोत्सव की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। गरबा महोत्सव के संरक्षक एवं मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि गरबा महोत्सव में प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों के जानी-मानी हस्तियां मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। गरबा खेलने वालों के लिए भी प्रतिदिन अलग- अलग रंग और ड्रेस कोड तय किया गया है। महाराष्ट्र मंडल के नवनिर्मित भवन में पहली बार होने वाले गरबा महोत्सव को आजीवन सभासदों व आसपास की कॉलोनी के लोगों का अभूतपूर्व प्रतिसाद मिलने की उम्मीद है।