महाराष्ट्र मंडल ने लगाया शत- प्रतिशत मतदान के लिए जोर
2023-11-16 10:03 PM
632
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल ने अपने जागरूकता अभियान के तहत एक बार फिर शत- प्रतिशत मतदान के लिए भरपूर प्रयास किया। गुरुवार को भी मंडल के पदाधिकारियों ने आजीवन सभासदों सहित आम जनता से मतदान करने की अपील की।
मंडल के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन ने कहा कि पहले मतदान, फिर जलपान। महाराष्ट्र नाट्य मंडल के निर्देशक अनिल श्रीराम कालेले के अनुसार हर बार अधिकार की बात करने वाले हम लोगों को अपनी सरकार बनाने के लिए मतदान कर अपना कर्तव्य निभाना चाहिए। सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी ने कहा कि आप शुक्रवार को वोट देकर ऐसी सरकार चुनिए जो आपकी सुविधाओं और राज्य की समृद्धि के लिए काम करे। ऐसा जनप्रतिनिधि चुनिए जो आपके सुख-दुख में आपके साथ खड़ा रहे।
मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि इससे पहले भी मंडल ने नवरात्रि पर पांच दिवसीय गरबा महोत्सव में मतदान को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया गया था। मतदान की अपील की तख्तियां लेकर मां अंबे के भक्तों ने रास गरबा किया था। मराठी सोहला (महोत्सव) पर मतदान जागरूकता अभियान सतत जारी रहा। महोत्सव में स्टालों और मंच पर उपस्थित जनों से भी शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की गई थी। 11 नवंबर को दिवाली पहाट में उपस्थित संगीत प्रेमी दर्शकों को मतदान करने की शपथ दिलाई गई थी। अध्यक्ष अजय काले ने आश्वस्त किया कि महाराष्ट्र मंडल के आजीवन सभासद अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य का पालन करते हुए मतदान अवश्य करेंगे।