मातृछाया में महाराष्ट्र मंडळ ने किया सेवा भावी कोंडापुरकर का सम्मान
रायपुर। सेवा भारती मातृछाया के संस्थापक अध्यक्ष 91 वर्षीय सुधाकर राव कोंडापुरकर का जन्मदिन के अवसर पर महाराष्ट्र मंडळ ने सम्मान किया। इस मौके पर मातृछाया के मासूम बच्चों ने जन्मदिन का गीत गाकर और शुभकामनाएं देकर आयोजन को और भी आत्मीय बना दिया। बता दें कि मातृछाया के माध्यम से ही 190 बच्चों को वैधानिक प्रक्रिया के तहत उनके अभिभावक मिले हैं।
मंडळ के अध्यक्ष अजय काळे, उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन, सहसचिव परितोष डोनगांवकर, सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी ने शनिवार दोपहर कोटा स्थित सेवा भारती मातृछाया में कोंडापुरकर को सूत माला पहनाकर शाल, श्रीफल से सम्मानित किया। इस मौके पर समाज सेवी अनिल कुमार साहू, काउंसलर और समाजसेवी सुप्रिया चतुर्वेदी ने सुधाकर राव को सम्मानित किया।

मातृछाया के नौनिहालों ने धींगा मस्ती के बीच संस्था के अध्यक्ष कोंडापुरकर को जन्मदिन की बधाई दी। इस मौके पर मातृछाया के प्रबंध संचालक सुधीर नाफडे, सह प्रबंध संलाचक किशोर लांजेवार, आफिस इंचार्ज राजकुमारी दीवान, स्टाफ नर्स माधुरी गुलजाल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
मातृछाया के माध्यम से 190 बच्चों को मिले अभिभावक
11 जुलाई 2006 को चौबे कालोनी स्थित किराये के मकान में शुरू हुई सेवा भारती मातृछाया ने गत 17 वर्षों में 190 अनाथ, परित्यक्त व परित्याग बच्चों को वैधानिक प्रक्रिया के साथ उनके माता-पिता दिलवाई। इस समय मातृछाया में शून्य से छह वर्ष की आयु के 6 बालक व 10 बालिकाओं सहित 16 बच्चे है। महिला एवं बाल विकास विभाग से मान्यता प्राप्त यह सेवा भावी संस्था शासन से किसी भी प्रकार का अनुदान नहीं लेती, बल्कि जन सहयोग से इसे संचालित किया जाता है। बता दें कि 28 दिसंबर 2017 को मातृछाया संस्था चौबे कालोनी से कोटा स्थित नये भवन में स्थानांतरित की गई।