बच्चों को समझाया कार्तिक मास व देवउठनी एकादशी…. जिज्ञासा में पूछे कई सवाल
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में शिक्षिका रिद्धि विधानी ने प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को कार्तिक मास और देवउठनी एकादशी (ग्यारस) का महत्व समझाया। विद्यार्थियों ने कौतुहल से भरे कुछ सवाल भी पूछे, जिसका जवाब प्राचार्य मनीष गोवर्धन के साथ शिक्षिका ने दिया।
रिद्धि विधानी ने कहा कि कार्तिक माह भगवान विष्णु को बहुत प्रिय है। इस माह में हर कार्य का अक्षय फल मिलता है। भगवान विष्णु की पूजा- अर्चना की जाती है। इस दिन प्रातः उठकर विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ किया जाता है। हमारे शास्त्रों में निहित है कि देवशयनी एकादशी को भगवान विष्णु लगभग चार माह के लिए सोते हैं और देवउठनी एकादशी के दिन उठते हैं। इस दिन हम सूर्योदय से पहले उठते हैं और भगवान विष्णु को उठाने के लिए श्रद्धापूर्वक मंत्रों का उच्चारण करते हैं।
रिद्धि ने कहा कि आज के ही दिन तुलसी मां का विवाह शालिग्राम के साथ किया जाता है। इस दिन से ही वैवाहिक कार्यों के शुभ मुहूर्त शुरू होते हैं। शादी के लिए बातचीत करने सहित सभी शुभ कार्य भी देवउठनी एकादशी के साथ शुरू होते हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बच्चों के साथ स्कूल का स्टाफ भी उपस्थित रहा।