दिव्य महाराष्ट्र मंडल

बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत को संत ज्ञानेश्वर स्कूल के बच्चों ने किया नमन

रायपुर। गुरू गोविंद सिंह जी और उनके साहिबजादों के बलिदान को नमन करते हुए बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह बहादुर सिंह की शहादत को संत ज्ञानेश्वर स्कूल के बच्चों और शिक्षकों ने नमन किया। महाराष्ट्र मंडळ द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर स्कूल में 26 दिसंबर को सिखों के 10वें गुरु गोबिंद सिंह जी के परिवार के बलिदान दिवस को नमन किया गया।

स्कूल के प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बच्चों को गुरु साहिब के परिवार की शहादत के बारे में बताया। उन्होंने बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह बहादुर सिंह की शहादत को याद करते हुए कहा कि छह वर्ष और आठ वर्ष की अल्प आयु में इन्हें मुगलों द्वारा यातनाएं दी गईं। उन्हें डराया और धमकाया गया। इसके बावजूद वे अपने धर्म पर अडिग रहे। अपने धर्म की रक्षा के लिए इन दोनों ने शहादत को स्वीकार किया। यह हमें प्रेरणा देता है कि कैसे हम अपने देश की रक्षा और धर्म के प्रति अडिग रहें। उन्होंने कहा कि सिख समाज का इतिहास ऐसी ही कुर्बानियों से गौरवान्वित बना हुआ है। इस अवसर पर स्कूल के उप प्राचार्य राहुल वोडितेलवार, पराग दलाल , अमृता ठोके, पीयूष, स्कूल के पालक, बच्चे  और  शिक्षक उपस्थित थे।