सामाजिक संस्थाओं का आयोग गठन एक अभिनव सोच... समाज प्रमुखों ने कहा: प्रदेशभर में दिखेगा सकारात्मक परिणाम
2023-12-27 06:54 PM
1598
रायपुर। समाजसेवा के कार्य में जुटे छत्तीसगढ़ के सामाजिक संगठनों ने महाराष्ट्र मंडल के ‘सामाजिक संस्थाओं के आयोग गठन’ के प्रस्ताव को अभिनव पहल बताया। समाज प्रमुखों ने कहा कि जनगणना, स्वास्थ्य शिविर, महिला समूह के लिए संचालित योजनाओं और समाजसेवा के विभिन्न कार्यक्रमों का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचेगा।
मधु फाउंडेशन की डायरेक्टर स्मिता पांडे ने कहा कि यह एक अच्छी पहल है। सामाजिक संस्थाओं का आयोग बनेगा, तो इसमें समाजसेवा से जुड़े एनजीओ को भी महत्व मिलेगा। कई एनजीओ के पास अच्छी टीम नहीं होती, तो कुछ के पास फंड की कमी होती है, तो वे चाहकर भी अच्छा काम नहीं कर पाते। ऐसे में आयोग गठन होने से सामाजिक संस्थाओं और एनजीओ को शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन का हिस्सा बनने के मौका मिलेगा।
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील यादव महासंघ के महासचिव निरंजन सिंह यादव ने कहा कि यह बेहतरीन पहल है। आज कई समाज ऐसे हैं, जिनके विकास के लिए हम सभी को एक होना होगा। एकजुटता के कारण समाज में कई बदलाव आएंगे। आयोग गठन होने से शासन की योजनाओं को समाज के माध्यम से उचित परिणाम मिलेगा। योजनाओं का लाभ सभी को और समाज के अंतिम जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचेगा।
कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज (कान्यकुब्ज सभा शिक्षा मंडल, आशीर्वाद भवन) के अध्यक्ष अरुण शुक्ला के मुताबिक सामाजिक संगठन का आयोग निर्माण एक अच्छी पहल है। समाजसेवा से जुड़े महाराष्ट्र मंडल ने बहुत अच्छी और सराहनीय पहल की है। शासन आयोग का गठन करे, तो निःसंदेह इससे समाज का भला होगा। शासन की सभी योजनाओं का उचित क्रियान्वयन होगा और इसका लाभ सभी को मिलेगा।
आंध्रा समाज के प्रमुख और पूर्व मुख्य राज्य मुख्य आयुक्त, भारत स्काउट- गाइड जी स्वामी ने कहा कि समाजसेवा को एक नेतृत्व मिले, इससे अच्छा और क्या हो सकता है। महाराष्ट्र मंडल की यह पहल सराहनीय है। मैं और पूरा आंध्रा समाज इस प्रस्ताव का पूरा समर्थन करता है। समाजसेवा को अच्छा नेतृत्व मिलेगा, तो इस कार्य से जुड़े लोगों में काफी उत्साह आएगा।
मराठा युवा समाज के अध्यक्ष लोकेश पवार ने शासन के समक्ष महाराष्ट्र मंडल के सुझाव की प्रशंसा की। सामाजिक सेवा के लिए आयोग का गठन होने से समाजसेवा करने वाले सेवकों और उनकी संस्थाओं का उत्साहवर्धन होगा। साथ ही शासन के द्वारा अपने स्तर पर जो सेवा कार्य किए जाते हैं, उसमें एक नई दिशा मिलेगी और अधिक तीव्रता से वृहद रूप में सेवा कार्य संभव हो पाएंगे। शासन को जरूर इस दिशा पर कार्य करना ही चाहिए।
कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य और स्वास्थ्य संयोजक हेमंत तिवारी ने कहा कि सामाजिक संगठन का आयोग गठन होने से समाजसेवा के कार्यों में तेजी आएगी। क्योंकि एक नेतृत्व में हम एक दिशा में काम करेंगे। ग्रामीण अंचल में आज भी स्वास्थ्य सुविधाओं से हम जूझ रहे हैं। ऐसे में समाजों की ओर से लगने वाले स्वास्थ्य कैंप को आयोग के माध्यम से शासन को सहयोग मिलेगा, तो इसमें बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित होंगे।