रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के चौबे कॉलोनी केंद्र की महिलाओं ने दत्तात्रेय मंदिर में मराठी और हिंदी भजनों की ऐसी धुन छड़ी कि देखते ही देखते परिसर भक्तों से भर गया। जरी वाली पीली साड़ी के ड्रेस कोड में पहुंची महिलाओं ने अपने संगीतमय भजनों से यहां काफी लोकप्रियता बटोरी।
मंदिर के सचिव चेतन गोविंद दंडवते के अनुसार 'अच्युतम केशवम', 'जग में सुंदर है दो नाम', 'कभी राम बन के कभी श्याम बन के', 'अंजनी का लाला बड़ा मतवाला', 'दिगंबरा दिगंबरा....' जैसे कई लोकप्रिय भजनों को ढोलक, ताल और झांझ की धुन पर लगातार दो घंटे तक श्रद्धालु महिलाओं ने प्रस्तुत किया।
हमेशा सुने जाने वाले भजनों की प्रस्तुतियों में महाराष्ट्र मंडल के चौबे कॉलोनी केंद्र की अर्चना मुकादम, अपर्णा कालेले, सुषमा आप्टे, गौरी श्रीरसागर, स्वाति डबली, हेमा बार्वे, चालूशीला देव, अवंती अग्निहोत्री, अलका मराठे, मनीषा वरवंडकर जैसी अनेक महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम के अंत में मंदिर समिति की ओर से महाआरती की गई और प्रसाद वितरण किया गया।