भव्य महाराष्ट्र मंडल भवन का रखरखाव बड़ी जिम्मेदारी: घाटे
2024-01-10 02:41 PM
1123
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल का नवनिर्मित भवन बहुत ही खूबसूरत और भव्य बना है। इस उपलब्धि के लिए अध्यक्ष अजय काले और उनकी कार्यकारिणी सहित सभी सदस्यों को बधाई। इतने बड़े भवन के रखरखाव की बड़ी जिम्मेदारी के साथ असली अग्निपरीक्षा तो अब शुरू हुई है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप लोग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए मंडल भवन की भव्यता और खूबसूरती को बनाए रखेंगे। सुप्रसिद्ध आर्किटेक्चर, महाराष्ट्र मंडल के वरिष्ठतम सदस्य टीएम घाटे में इस आशय के विचार व्यक्त किए। घाटे महाराष्ट्र मंडल के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण के बाद पहली बार यहां पहुंचे थे।
घाटे ने कहा कि महाराष्ट्र मंडल का नवनिर्मित भवन सामाजिक न होते हुए व्यावसायिक भवन है। यह जरूरी भी है क्योंकि वर्तमान पीढ़ी की पसंद और चलन को ध्यान में रखकर इसे बनाया गया है। इस भवन के रखरखाव की तैयारी अभी से करनी पड़ेगी। भवन का बीमा हो, अग्निसुरक्षा के उपाय अपडेटेड हो, लिफ्ट की उम्र व मरम्मत के अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल संसाधनों के लगातार मेंटेनेंस और रिप्लेसमेंट की जरूरत पड़ते रहेगी, क्योंकि बड़े पैमाने पर इनका उपयोग होना है। यदि मेंटेनेंस में थोड़ी भी कोताही बहती गई, तो इससे भवन के साथ महाराष्ट्र मंडल की विश्वसनीयता भी प्रभावित होगी। घाटे ने मंडल के पदाधिकारियों से कहा कि समाज से जुड़े बड़े मुद्दे जैसे नारी सशक्तिकरण, नारी सुरक्षा, स्वरोजगार अथवा रोजगार प्रशिक्षण के लिए सतत जिम्मेदारी से काम करने की जरूरत है।
इस मौके पर महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले, उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन, सचिन चेतन दंडवते, सह सचिव सुकृत गनोदवाले, महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने घाटे का सूत माला, शाल- श्रीफल से अभिनंदन किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र नाट्य मंडल के निर्देशक अनिल कालेले, सचिव प्रसन्न निमोणकर, कामकाजी महिला वस्तु गृह की प्रभारी नमिता शेष, स्वास्थ्य सेवा समिति के प्रमुख अरविंद जोशी, कला एवं संस्कृति केंद्र के प्रमुख भारती पलसोदकर, सह प्रमुख अजय पोतदार, पर्यावरण समिति के प्रमुख अभय भागवतकर, खेल समिति के हेमंत मार्डीकर, अजय पुराणिक, बृहन्न महाराष्ट्र मंडल के छत्तीसगढ़ प्रमुख सुबोध टोले, राजेश गनोदवाले, वरिष्ठजन सेवा समिति के दीपक पात्रीकर सहित अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।