दिव्य महाराष्ट्र मंडल

भास्कर के वस्त्रदान अभियान में महाराष्ट्र मंडल ने निभाई सहभागिता.. आमापारा में जरूरतमंदों को वितरित किया कंबल

रायपुर। दैनिक भास्कर के वस्त्रदान अभियान के अंतर्गत महाराष्ट्र मंडल रायपुर में भी अपनी सहभागिता निभाई। गुरुवार को देर शाम मंडल के पदाधिकारियों एवं आजीवन सभासदों ने साईं मंदिर आमापारा, महामाया मंदिर पुरानी बस्ती सहित विभिन्न क्षेत्रों में कंबल वितरित किए।

मंडल के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन ने बताया कि शीतकाल शुरू होते ही महाराष्ट्र मंडल का कंबल वितरण अभियान सतत जारी है। अभी तक रेलवे स्टेशन, डा. आंबेडकर हॉस्पिटल, साईं मंदिर देवेंद्र नगर, स्टेशन रोड गुरुद्वारा, टाटीबंध गुरुद्वारा, लाखे नगर सिंधी पंचायत, गणेश मंदिर श्याम टाकीज, शास्त्री बाजार, गोल बाजार, बंजारीधाम रांवाभाठा सहित अनेक स्थान पर मंडल के पदाधिकारियों ने कंबल वितरित किया है। भविष्य में भी कंबल वितरण अभियान जारी रहेगा और ठंड बढ़ते ही कंबल वितरण अभियान में तेजी आएगी।

खंगन के मुताबिक महाराष्ट्र मंडल को जैसे ही पता चला कि अंचल का अग्रणी अखबार दैनिक भास्कर वस्त्रदान अभियान शुरू कर रहा है, तो मंडल ने स्वस्फूर्त इस अभियान में सहभागिता का निर्णय लिया। दैनिक भास्कर परिवार ने भी महाराष्ट्र मंडल के बढ़े हुए सहयोगात्मक हाथ का स्वागत किया। नतीजतन महाराष्ट्र मंडल की ओर से दैनिक भास्कर के वस्त्रदन अभियान के अंतर्गत कंबल वितरित किए गए। इस दौरान मंडल के अध्यक्ष अजय काले, सचिव चेतन दंडवते, बृहन्न महाराष्ट्र मंडल के छत्तीसगढ़ प्रमुख सुबोध टोले, आजीवन सभासद प्रकाश बल्लेवार, महेश आहूजा, अतुल गद्रे के साथ सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी उपस्थित रहे।