महाराष्ट्र मंडल में 'सामाजिक संस्थाओं के आयोग' पर संगोष्ठी 14 जनवरी को.... सर्व समाजों के प्रतिनिधि व्यक्त करेंगे राय
2024-01-13 06:00 PM
538
रायपुर। चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में 14 जनवरी, रविवार को सुबह 10:30 बजे सर्वसमाज के प्रमुखों की संगोष्ठी आयोजित की गई है। संगोष्ठी में मुख्य रूप से सामाजिक संस्थाओं के आयोग गठन के प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी। अध्यक्ष अजय काले ने इस आशय की जानकारी देते हुए कहा कि राजधानी के लगभग 30 समाज के प्रतिनिधि इस संगोष्ठी में शामिल होंगे।
काले के मुताबिक महाराष्ट्र मंडल ने सबसे पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उनसे सामाजिक संस्थाओं के गठन के प्रस्ताव पर चर्चा की थी। उसके बाद कैबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल एवं विधायक राजेश मूणत से भी इसी संदर्भ में बातचीत की गई थी। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मंडल के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित आयोग के संदर्भ में विस्तृत चर्चा कर उनसे सहयोग मांगा था। डॉ. रमन आयोग के प्रस्ताव से महाराष्ट्र मंडल से प्रभावित दिखे और उन्होंने इस प्रस्ताव के सभी पहलुओं, नियमों और कार्यप्रणाली पर विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी, ताकि आगे इस दिशा में काम किया जा सके।
उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन के अनुसार रविवार को आयोजित संगोष्ठी में विभिन्न समाज के प्रतिनिधि अपनी राय प्रस्तुत करते हुए बताएंगे कि उनकी अपेक्षाओं का आयोग मूलतः राज्य की सेवा में कैसे काम करेगा। उसका आकार क्या होगा, उसकी कार्यप्रणाली कैसी होगी व राज्य शासन एवं प्रदेश भर के सामाजिक संगठनों के बीच सामंजस्य स्थापित करने के लिए आयोग की भूमिका क्या होगी।
महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने विश्वास व्यक्त किया है कि इस संगोष्ठी के बाद महाराष्ट्र मंडल के सामाजिक संस्थाओं के प्रस्तावित आयोग की फाइल बहुमुखी, बहुउद्देशीय और संपूर्ण होगी। ताकि इस पर शासन तत्काल कार्यवाही कर सके।