मां तुलजा भवानी ने शिवाजी को दी थी तलवार: लांबे
2024-01-19 08:37 AM
2102
Raipur। छत्रपति शिवाजी महाराज को उनकी आराध्य कुलदेवी मां तुलजा भवानी ने साक्षात प्रकट होकर तलवार भेंट की थी। मान्यता है कि मां तुलजा भवानी की दी हुई तलवार से ही छत्रपति शिवाजी ने अनेक युद्ध जीते। कई साम्राज्य व दुर्ग पर कब्जा किया और मुगल साम्राज्य के बढ़ते वर्चस्व को एक हद तक नियंत्रित किया। महाराष्ट्र मंडल में शुक्रवार की देर शाम शिवाजी महाराज की महाआरती के बाद महाराष्ट्र नाट्य मंडल के पूर्व अध्यक्ष दिलीप लांबे ने अपने संबोधन में उक्ताशय के व्यक्त किए।
लांबे ने कहा कि महाराष्ट्र में उस्मानाबाद जिले के तुलजापुर में मां तुलजा भवानी का अतिप्राचीन मंदिर है। इस मंदिर में शुरू से ही छत्रपति शिवाजी महाराज नियमित रूप से मां तुलजा भवानी की आराधना करते थे। वह उनके उपासक थे। उनकी भक्ति का ही परिणाम था कि मां तुलजा भवानी की उन पर विशेष कृपा थी। लांबे ने बताया की मां तुलजा भवानी ने शिवाजी महाराज को जो तलवार दी थी, वह आज भी लंदन के संग्रहालय में सुरक्षित है। इसे भारत लाए जाने की लंबे समय से प्रतीक्षा की जा रही है।
शिवाजी महाराज की महाआरती में अध्यक्ष अजय काले, सचिव चेतन दंडवते, उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन, संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्रभारी निरंजन पंडित, महाराष्ट्र नाट्य मंडल के निर्देशक अनिल कालेले, वरिष्ठ सेवा समिति के दीपक पात्रीकर, दिव्यांग बालिका गृह की प्रभारी आस्था काले, युवा समिति के प्रमुख विनोद राखुंडे, रेणुका पुराणिक, नवीन देशमुख के अलावा मराठा समाज से गुणवंत राव घाटगे, लोकेश पवार, दीपक इंगले, गणेश जाधव, नीरज इंगले, मनीष भोंसले, हिमांशु इंगले, हर्ष चौहान, सुमीत ढिगे, संजू राव, शिशिर, हिमांशु शिंदे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।