महाराष्ट्र मंडल- प्रकल्पों में गणतंत्र दिवस पर आज देशभक्ति पूर्ण कार्यक्रमों की बहार
2024-01-25 03:02 PM
325
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के सभी प्रकल्पों में शुक्रवार को सुबह गणतंत्र दिवस पर प्रत्येक प्रकल्पों में देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रमों की बहार होगी। इससे पहले राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जाएगा।
भवन प्रभारी दीपक किरवईवाले के अनुसार महाराष्ट्र मंडल भवन में सुबह 7:30 बजे अध्यक्ष अजय काले राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे। मंडल परिसर में ही कामकाजी महिला वसति गृह व छात्रावास में राष्ट्रीय ध्वज सुबह 7:45 बजे महाराष्ट्र नाट्य मंडल के निर्देशक अनिल कालेले फहराएंगे।
सहसचिव गीता दलाल ने बताया कि समता कॉलोनी स्थित दिव्यांग बालिका विकास गृह में महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी। इस मौके पर दिव्यांग बच्चियां राष्ट्रगान संग देशभक्तिपूर्ण गीत भी गाएंगी। इधर शंकर नगर बाल वाचनालय एवं उद्यान में पद्मावती स्कूल के बच्चे बाल श्रम कानून पर ज्ञानवर्धक डांस की प्रस्तुति देंगे। इसी तरह 'अंजनी के लाल', 'झांसी की रानी' पर भी उनकी मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी। सीजी बारहमासी का गीत कार्यक्रम को और भी सुमधुर बनाएगा। यहां सबसे पहले सचिव आचार्य चेतन दंडवते तिरंगा फहराएंगे।
शाला प्रभारी निरंजन पंडित के मुताबिक संत ज्ञानेश्वर स्कूल में सुबह 9:00 बजे उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इस मौके पर देशभक्ति से परिपूर्ण गानों एवं नृत्यों की प्रस्तुतियां स्कूल के बच्चे देंगे। 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी में लगे बच्चों के विभिन्न हाउस सालभर में अपनी गतिविधियों व प्रदर्शनों के आधार पर आधार पर पुरस्कृत किए जाएंगे।