दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में हुई छत्रपति शिवाजी महाराज की महाआरती

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में गुरुवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की महाआरती की गई। इसमें बड़ी संख्या में महाराष्ट्र मंडल के पदाधिकारियों, सदस्यों सहित मराठा समाज के लोगों ने अपनी जोशीली उपस्थिति दर्ज की।

इस अवसर पर महाराष्ट्र मंडल के वरिष्ठ सदस्य और महाराष्ट्र नाट्य मंडल के निर्देशक अनिल कालेले ने कहा कि शाह जी और जीजा बाई के सुपुत्र शिवाजी महाराज ने देश को विदेशी और आततायी राज्य सत्ता से स्वाधीन कराकर सारे भारत में एक सार्वभौम स्वंतत्र शासन स्थापित करने का एक प्रयास किया। छत्रपति शिवाजी महाराज को महाराणा प्रताप की तरह राष्ट्रीयता का जीवंत प्रतीक व परिचायक माना जाता है।

मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने कहा कि शिवाजी महाराज पर मुस्लिम विरोधी होने का दोष असत्य है क्योंकि उनकी सेना में ही अनेक मुस्लिम सरदार और सुबेदार थे।  असल में शिवाजी महाराज का संघर्ष कट्टर और उद्दंड शासकों के खिलाफ था, जिन्हें औरंगजेब जैसों अत्याचारी मुगल हमलावरों ने अपनी छत्रछाया में पाल रखा था।

मराठा युवा समाज के अध्यक्ष लोकेश पवार ने इस मौके पर 19 फरवरी को शिवाजी महाराज जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि सुबह आठ बजे संतोषी नगर स्थित शिवाजी महाराज चौक से बाइक रैली निकाली जाएगी और तात्यापारा चौक पर छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा के सामने महाआरती की जाएगी। इसी तरह दोपहर को बूढ़ापारा स्टेडियम से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और यहीं आकर इसका समापन होगा। तत्पश्चात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।