अजय काले लगातार आठवीं बार बने महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष
2024-03-01 05:28 PM
1006
वर्ष 2024- 26 कार्यकाल के लिए छह कार्यकारिणी सदस्य चेतन, दीपक, विशाखा, खंगन, गीता और नमिता भी निर्विरोध निर्वाचित
रायपुर। अजय मधुकर काले महाराष्ट्र मंडल के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। शुक्रवार को मंडल के चुनाव अधिकारी प्रसन्न निमोणकर ने इस आशय की घोषणा की। उन्होंने बताया कि अजय काले के निर्विरोध अध्यक्ष बनने के अलावा सभी छह कार्यकारिणी सदस्य पद पर चेतन गोविंद दंडवते, दीपक रघुनाथ किरवईवाले, विशाखा मदन तोपखानेवाले, श्याम सुंदर खंगन, गीता श्याम दलाल और नमिता शेष को भी निर्विरोध निर्वाचित किया गया है।
निमोणकर के अनुसार दिसंबर से निर्वाचन की विधि सम्मत समस्त प्रक्रियाएं पूरी की गईं। निर्वाचन के लिए नामांकन भरने की अंतिम तिथि 23 फरवरी तक अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र प्रत्याशी अजय काले ने और कार्यकारिणी के छह पदों के लिए छह प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। नामांकन पत्र की जांच के बाद नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 29 फरवरी तक किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया। आखिरकार शुक्रवार को नामांकन पत्र जमा करने वाले सभी प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
बताते चलें की अजय काले महाराष्ट्र मंडल के लगातार आठवीं बार निर्वाचित होने वाले एकमात्र अध्यक्ष हैं। आठ में से सात बार उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। इसी तरह चेतन गोविंद दंडवते, दीपक रघुनाथ किरवईवाले, विशाखा मदन तोपखानेवाले, श्यामसुंदर खंगन, गीता श्याम दलाल और नमिता शेष भी कार्यकारिणी के पदों पर कई बार निर्विरोध निर्वाचित होते आए हैं।
दरअसल लगभग डेढ़ दशक से अजय काले के नेतृत्व में उनकी टीम महाराष्ट्र मंडल में नवनिर्माण और समाजसेवा के नए कीर्तिमान गढ़ रही है। महाराष्ट्र मंडल और उसके प्रकल्पों को लेकर काले की भावी योजनाएं भी आजीवन सभासदों को शुरू से ही प्रभावित करती रही हैं। इसी का नतीजा है की अजय काले और उनकी टीम एक बार फिर से रिपीट हो रही है।