दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में 9 मार्च को तीन महिला लोको पायलट का सम्मान... नम्रता भी होंगी सम्मानित.. जानिए कौन हैं नम्रता

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल शनिवार, नौ मार्च को चौबे कालोनी स्थित अपने नवनिर्मित भवन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने जा रहा है। इस समारोह में भारतीय रेलवे की तीन महिला लोको पायलट को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही कैंसर जागरूकता के लिए मोटरसाइकिल से तीन लाख किलोमीटर की यात्रा कर चुकी भिलाई की डॉक्टर नम्रता सिंह का भी सम्मान किया जाएगा।

महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि भिलाई निवासी डॉ. नम्रता बाइक से 28 राज्य और आठ केंद्र शासित राज्यों में कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए यात्रा कर चुकी है। इस दौरान उन्होंने 300 से अधिक सेमिनार किए हैं और 10 लाख लोगों को जागरूक किया है। डॉ. नम्रता ब्रेस्ट कैंसर, गर्भाशय, ग्रीवा कैंसर, मेंस्ट्रूअल हाइजीन कैंसर, मेंस्ट्रूअल कप कैंसर के बारे में लोगों, खासकर महिलाओं को जागरूक करतीं हैं। उन्होंने सैकड़ों शालाओं में जाकर बच्चियों को गुड टच- बेड टच की जानकारी भी दी है।

कार्यक्रम की आयोजक वल्लभनगर केंद्र की संयोजिका माधुरी गाडगिल ने बताया की भारतीय रेलवे के रायपुर में पदस्थ प्रतिभा एस बांसोड़ लोको पायलट पैसेंजर ट्रेन, ललिता चौधरी सीनियर एएलपी और स्वर्णलता चौरसिया सीनियर लोको पायलट को सूत माला, शाल- श्रीफल और स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान उनकी उपलब्धियों की भी जानकारी दी जाएगी।

महिला सह प्रमुख अपर्णा देशमुख के अनुसार रंगारंग प्रस्तुतियों से सजे कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण को लेकर समूह नृत्य आकर्षण का केंद्र होगा। इस बीच उपस्थित सभी महिलाओं को चूड़ियों और ताश पत्तों के रोचक लकी गेम भी खिलाए जाएंगे।