महाराष्ट्र मंडल के होली के व्यंजनों की जबरदस्त मांग.... अब 22 तक ऑर्डर स्वीकार
2024-03-21 02:39 PM
978
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के दिव्यांग बालिका विकास गृह के सहायतार्थ मेस में बनाए गए होली के व्यंजनों की मांग अब चरम पर है। मंडल के व्यंजनों और भोजन में स्वच्छता, गुणवत्ता और स्वाद पर भरोसा करने वाले लोग होली को लेकर लगातार अपने ऑर्डर बुक कर रहे हैं। बुधवार की शाम को ऑर्डर बुकिंग का समय समाप्त होना था लेकिन आजीवन सभासदों के अलावा गैर मराठी भाषियों के दबाव की वजह से अब होली के व्यंजनों के ऑर्डर की अंतिम तिथि दो दिन बढ़ाकर 22 मार्च की गई है।
मेस प्रभारी दीपक रघुनाथ किरवईवाले के अनुसार शुक्रवार की शाम 7:00 बजे तक होली के व्यंजनों- मराठी चिवड़ा, भुजिया (करंजी), बेसन लड्डू, चकली, शक्करपारा और सलोनी के ऑर्डर बुक किए जा सकते हैं। समस्त ऑर्डर घर पहुंच सेवा के साथ स्वीकार किए जा रहे हैं। ऐसे लोग जो स्वयं चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल भवन में आकर अपने आर्डर की डिलीवरी लेना चाहते हैं, उन्हें यह सुविधा पहले की तरह ही उपलब्ध कराई जाएगी।