दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में महा आरती पर छत्रपति शिवाजी के प्रेरक विचारों की दी गई जानकारी

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में शुक्रवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की महा आरती की गई। इस मौके पर उपस्थित हर आयु वर्ग के लोगों को मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने छत्रपति शिवाजी के महान विचारों से अवगत कराकर जिंदगी की चुनौतियां का सामना साहस, आत्मविश्वास और धैर्य से करने की सीख दी। उन्होंने बताया कि सफलता हासिल करने के लिए लक्ष्य को प्राप्त करने की जिद बेहद मायने रखती है।
काले ने समाज, खासकर युवाओं को प्रेरित करने वाले छत्रपति शिवाजी महाराज के महान विचारों से अवगत कराया। काले के अनुसार शिवाजी महाराज के महान विचार हैं- आपका एक छोटा कदम छोटे लक्ष्य पाने और बाद में बड़ा लक्ष्य हासिल करा देता है।जब हौसले बुलंद हो, तो पहाड़ भी मिट्टी का ढेर लगता है। शत्रु को कमजोर न समझो और अत्यंत बलिष्ठ समझकर उससे डरो भी मत। जब लक्ष्य जीत का हो तो उसे हासिल करने के लिए कितना भी बड़ा परिश्रम, कितनी भी बड़ी कीमत क्यों न हो, चुकानी पड़ती है। जो मनुष्य समय के कुचक्र में पूरी शिद्दत से अपने कार्यों में लगा रहता है, उसके लिए समय खुद बदल जाता है। कोई भी कार्य करने से पहले उसके परिणाम पर विचार करना हितकारी होता है क्योंकि भावी पीढ़ी उसका अनुसरण करती है। शत्रु चाहे कितना भी बलवान क्यों न हो उसे अपने इरादे और उत्साह से परास्त किया जा सकता है। 
महा आरती के दौरान सचिव चेतन गोविंद दंडवते, उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन, संत ज्ञानेश्वर स्कूल के सह प्रभारी परितोष डोनगांवकर, महाराष्ट्र नाट्य मंडल के निर्देशक अनिल कालेले, वरिष्ठ आजीवन सभासद प्रशांत देशपांडे, युवा समिति के प्रभारी विनोद राखुंडे, प्रभु निंजानी, अनुश्री मातुरकर, पराग दलाल, सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी समिति अनेक लोग उपस्थित रहे।