तसल्ली के लिए महाराष्ट्र मंडल के निःशुल्क कैंसर जांच शिविर में पहुंचे लोग
2024-04-28 03:37 PM
593
- स्वास्थ्य के प्रति आमजनों की जागरूकता को देखकर बालको मेडिकल स्टाफ आश्चर्यचकित
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल और बालको मेडिकल सेंटर के निःशुल्क कैंसर जांच व परामर्श शिविर में अनेक लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और विशेषज्ञ डाक्टर नुपूर प्रिया से उचित स्वास्थ्य परामर्श भी लिया। बता दें कि मौके पर बालको मेडिकल सेंटर की वैनिटी भी खड़ी थी, जिसमें अत्याधुनिक उपकरणों से लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई।

बालको मेडिकल सेंटर की कैंसर सर्जन डा. नुपूर प्रिया ने शिविर में बताया कि स्वास्थ्य को लेकर अवेयरनेस बेहद जरूरी है। महाराष्ट्र मंडल में लगे आज के शिविर में लोगों ने जागरूकता दिखाई। जिसे देखकर हम सब आश्चर्यचकित हैं और संतुष्ट भी। 40 से अधिक उम्र की महिलाओं और पुरुषों ने बिना किसी स्वास्थ्यगत परेशानी के बाद भी सिर्फ अपनी तसल्ली के लिए जांच कराई। स्वास्थ्य के प्रति यह जागरूकता जरूरी है। कैंसर को लेकर रेगुलर स्क्रीनिंग आवश्यक है। लोगों को लगता है कि उनके शरीर में कोई परिवर्तन हो रहा है, तो डाक्टरी सलाह जरूर लें। कई बार लोग प्रारंभिक सिम्टम्स में खुद ही डाक्टर बनने लगते हैं। ऐसा करना आपके लिए हानिकारक होगा। लोगों को कैंसर से बचने के लिए स्मोकिंग, ड्रिंक से परहेज करना ही चाहिए।

बालको मेडिकल सेंटर के विजेंद्र साहू के अनुसार शिविर में 40 लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई। शिविर में 14 से अधिक लोगों की मेमोग्राफी की गई। इसमें स्तन कैंसर का जीरो स्टेज में पता लगाया जाता है। वहीं 15 लोगों की पेरस्मीयर जांच की गई। शिविर में पहुंचे चार लोगों को अन्य कई जांच के लिए बालको मेडिकल सेंटर बुलाया गया।