दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल का शिवाजी महाराज राज्याभिषेक समारोह 6 को

0- तात्यापारा चौक पर सात नदियों के पानी से छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का होगा अभिषेक

0- महाआरती, महाप्रसाद के बाद भव्य आतिशबाजी होगी आकर्षण का केंद्र

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल 6 जून, गुरुवार को तात्यापारा चौक स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के समक्ष 351वां राज्याभिषेक समारोह आयोजित कर रहा है। भव्य पैमाने पर होने वाले इस कार्यक्रम में मराठा मित्र मंडल, छत्तीसगढ़ प्रदेश कुनबी महासंगठन, मराठा युवा समाज, मराठी स्वर्णकार समाज और मराठी तेली समाज भी महाराष्ट्र मंडल के साथ होंगे। 

मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का सात नदियों के पानी और दूध से मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक किया जाएगा। तत्पश्चात शिवाजी महाराज की महाआरती की जाएगी। तत्पश्चात मुख्य वक्ता छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक का जीवंत वर्णन करेंगे। इस मौके पर हजारों लोगों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में भव्य आतिशबाजी लोगों के आकर्षण का केंद्र होगी। 

दंडवते ने कहा कि भव्य पैमाने पर होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारी को लेकर मंडल के समस्त पदाधिकारियों के अलावा सभी सहायक संगठनों- समाजों के पदाधिकारी भी यहां जुटे थे। बैठक में मिनट- टू- मिनट कार्यक्रम तय करने के साथ विभिन्न समितियों के माध्यम से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को आयोजन की तैयारियों की जिम्मेदारी दी गई है।