महाराष्ट्र मंडल अंताक्षरी प्रतियोगिता में सप्तसुर के सिर बंधा जीत का सेहरा
2024-08-12 12:02 PM
1111
रायपुर। सन एंड सन ज्वेलर्स प्रायोजित और महाराष्ट्र मंडल द्वारा आयोजित नगर स्तरीय अंताक्षरी प्रतियोगिता में सप्तसुर ग्रुप के प्रतिभागी सुरेंद्र जोगदंक, निशांत दयाल, मिलिंद जावळेकर और माधुरी हुद्दार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पार्टिसिपेट करने वाली 24 टीमों को हराकर जीत का सेहरा अपने सिर बांध लिया है। इस प्रतियोगिता में दूसरे नंबर पर झंकार बिट्स ने ताल ठोंका। जिसमें रेखा उरकुरकर, गोविंद राव चौधरी, निखिल मुकादम और प्रगति ओगले शामिल रही। वहीं तीसरे स्थान पर वैशाली जोशी, सूर्य प्रकाश शर्मा, प्रदीप तिवारी और श्रीनिवास राव की गीत गाता चल टीम रही। सभी विजेताओं को सन् एडं सन् ज्वेलर्स की ओर सी सिल्वर क्वाइन और महाराष्ट्र मंडल की ओर से नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र, मेडल और शील्ड प्रदान किया गया।
बता दें कि इससे पहले अंताक्षरी प्रतियोगिता में 5-5 टीमों के बीच मुकाबला चला, जिसमें फायनलिस्ट के तौर पर 5 विजेता टीमों को ग्रेंड फिनाले में आने का मौका मिला। पहले राउंड में झंकार बिट्स, दूसरे में गीत गाता चल, तीसरे में खेल-खेल में, चौथे में मल्हार ग्रुप और पांचवें राउंड में सप्तसुर ग्रुप विजेता रही। इन 5 फायनलिस्ट के बीच हुए जोरदार मुकाबले में अंतत: सप्तसुर ने सभी को पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया।

इस आयोजन में सन एंड सन ज्वलेर्स की ओर से मार्केटिंग हेड श्याम सोनी सप्तनीक मौजूद थे। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले, सन एंड सन ज्वेलर्स के श्याम सोनी, अंताक्षरी प्रतियोगिता की संयोजिका गीता दलाल ने संयुक्त रूप से अंताक्षरी प्रतियोगिता की विजेता सप्तसुर की टीम को 5 हजार नगद राशि, सभी प्रतिभागियों को 1-1 सिल्वर क्वाइन, मेडल, प्रशस्ति पत्र के अलावा विजेता कप देकर सम्मानित किया।

इसी तरह सेकंड फायनलिस्ट के तौर पर जीत हासिल करने वाली टीम झंकार बिट्स को नगद राशि 3 हजार रुपये के अलावा सभी प्रतिभागियों को 1-1 सिल्वर क्वाइन, मेडल, प्रशस्ति पत्र के अलावा विजेता कप देकर सम्मानित किया गया।

थर्ड फायनलिस्ट के तौर पर इस प्रतियोगिता में गीत गाता चल की टीम रही, जिन्हें नगद राशि 2 हजार रुपये के अलावा सभी प्रतिभागियों को 1-1 सिल्वर क्वाइन, मेडल, प्रशस्ति पत्र के अलावा विजेता कप देकर सम्मानित किया गया।

दो दिवसीय रही प्रतियोगिता
नगर स्तरीय इस अंताक्षरी प्रतियोगिता में पहले दिन दो राउंड हुए। दूसरे दिन सुबह 9.00 बजे स्पर्धा शुरु हुई थी। बगैर रूके मनोरंजन और स्पर्धा का यह कार्यक्रम लगातार 14 घंटों तक चलने के बाद रात 11.00 बजे पुरस्कार वितरण के साथ समाप्त हुआ।

दिल थामे बैठे रहे दर्शक
इस प्रतियोगिता में शामिल होने वाली प्रतिभागी टीम अपनी स्थिति के मुताबिक आती जाती रही, लेकिन दर्शक दीर्घा में शामिल हुए ज्यादातर लोग अंतिम समय तक दिल थामकर बैठे रहे और पूरे कार्यक्रम का उन्होंने भरपूर आनंद लिया।

जुटी रही मंडल की टीम
इस कार्यक्रम को लेकर महाराष्ट्र मंडल की टीम विगत 15 दिनों से लगातार तैयारी कर रही थी। इस टीम में हर उम्र वर्ग के लोगों ने अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया।