महाराष्ट्र मंडल में भव्य मराठी मेला 19- 20 अक्टूबर को, तैयारियां जोरों पर
2024-10-15 02:50 PM
561
0- समितियों के पदाधिकारियों की बैठक में बांटी गई जिम्मेदारियां
0- आकर्षक स्टालों के साथ नागपुर का हास्य नाटक होगा खास
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में इस वर्ष भी 19 और 20 अक्टूबर को भव्य मराठी मेला (मराठी सोहळा) का आयोजन किया जा रहा है। मेले की तैयारी को लेकर मंडल के कार्यकारिणी सदस्यों, विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों व महिला केंद्रों की संयोजिका- सह संयोजिकाओं की बैठक में सभी को आयोजन से संबंधित जिम्मेदारियां दी गईं। दो दिवसीय मेले का मिनट- टू- मिनट कार्यक्रम तय हो गया है।
मराठी मेला के संयोजक चेतन गोविंद दंडवते ने बताया कि लगभग 30 स्टाल वाले मेले में ज्यादातर स्टाल बुक हो चुके हैं। इसमें सुस्वाद, गरमा गरम नाश्ते और व्यंजनों के स्टाल से लेकर डिजाइनर रेडिमेट गारमेंट्स, बेडशीट, इंटीरियर आइटम, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, आर्टिफिशियल फ्लावर और दीपावली की तैयारियों से जुड़ी सामग्रियों के विविध स्टाल शामिल हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए ट्रैपोलिन, जंपिंग झूले की भी व्यवस्था की गई है।
महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले के मुताबिक शनिवार को दोपहर 2:00 बजे मराठी मेले का उद्घाटन किया जाएगा। उसके बाद मराठी मेले में पहले दिन शनिवार को सभी महिला केंद्रों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस बीच अलग-अलग सेगमेंट में कला एवं संस्कृति, पर्यावरण समिति, युवा समिति सहित विभिन्न समितियों की ओर से रंगारंग कार्यक्रम व रोचक स्पर्धाएं होंगी।
उपाध्यक्ष गीता दलाल के अनुसार स्वास्थ्य सेवा समिति की ओर से मेले के दोनों दिन स्वास्थ्य शिविर लगाने की तैयारी है। ताकि मेले में आने वाले हर आयु वर्ग के जरूरत मंद लोग बीपी, शुगर, ईसीजी की निःशुल्क जांच करा सके। क्रीड़ा समिति और आध्यात्मिक- योग समिति के लिए अलग से तैयार किए गए स्लाट में उनकी प्रस्तुतियां कार्यक्रम को नई दिशा प्रदान करेंगी।
दिव्यांग बालिका विकास गृह के प्रभारी प्रसन्न निमोणकर ने बताया कि रविवार की शाम छह बजे महाराष्ट्र का प्रसिद्ध मराठी हास्य नाटक ‘एक डाव भटाचा’ का मंचन होगा। इसके लिए बाहर से आने वाले राज कला मंदिर के कलाकारों की टीम को संत ज्ञानेश्वर सभागृह के स्व. कुमुदिनी वरवंडकर स्मृति रंगमंच दोपहर 12 सौंपना होगा, ताकि वे अपने नाटक के मुताबिक सेट खड़ा कर सके। इसका आशय स्पष्ट है कि 20 अक्टूबर को दोपहर से होने वाले कार्यक्रम मंच के सामने बनाए गए अस्थाई मंच पर होंगे और इसमें हाॅल की गतिविधियां प्रभावित नहीं होंगी।
मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने बताया कि बुधवार, 16 अक्टूबर को कोजागिरी पूर्णिमा के अवसर पर शाम छह बजे पूजा- पाठ के बाद मंडल आफिस व अध्यक्ष कक्ष को करीब ही नव निर्मित कक्ष में शिफ्ट किया जाएगा। महाराष्ट्र मंडल में 31 अक्टूबर, गुरुवार को दीपावली पहाट का आयोजन किया गया है। इसमें नई प्रतिभाएं महाराष्ट्र मंडल में पहली बार सुगम और भक्ति संगीत प्रस्तुत करेंगी। नौ नवंबर को दीपावली मिलन कार्यक्रम की जानकारी भी अध्यक्ष काले ने दी।
काले ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों से दीपावली व्यंजन (फराळ) के लिए अधिकाधिक लोगों को प्रेरित और प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। ताकि इससे होने वाली आय से दिव्यांग बालिका विकास गृह को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिल सके। बैठक के अंत में मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन ने आभार व्यक्त किया।