बृहन्न महाराष्ट्र मंडल के राष्ट्रीय अधिवेशन का सीएम साय को निमंत्रण
2024-10-20 04:20 PM
676
- राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलिंद महाजन के साथ मिलने पहुंचा प्रतिनिधि मंडल
रायपुर। बृहन्न महाराष्ट्र मंडल नईदिल्ली का राष्ट्रीय सम्मेलन 10 से 12 जनवरी 2025 को महाराष्ट्र मंडल रायपुर में आयोजित किया जा रहा है। शनिवार, 19 अक्टूबर की रात बृहन्न महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष मिलिंद महाजन के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की और उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री साय ने निमंत्रण सहर्ष स्वीकार किया।
बृहन्न महाराष्ट्र मंडल के छत्तीसगढ़ प्रांत प्रभारी सुबोध टोले ने बताया कि मुख्यमंत्री ने जिज्ञासावश बृहन्न महाराष्ट्र मंडल के बारे में प्रतिनिधि मंडल से और भी जानकारी जुटाई और कई सवाल भी पूछे। भूतपूर्व लोकसभा अध्यक्ष और इंदौर की आठ बार की सांसद सुमित्राताई महाजन के सुपुत्र मिलिंद महाजन ने बताया कि भव्य पैमाने पर होने वाले अधिवेशन में परंपरानुसार महाराष्ट्र सरकार के बतौर प्रतिनिधि नवपदस्थ मंत्री के शामिल होने की भी संभावना है। देशभर से आने वाले प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा से अवगत कराया जाएगा। रायपुर के समीपस्थ दर्शनीय स्थलों को दिखाने का विचार है। अधिवेशन को लेकर तैयारी शुरू हो गई है।
सीएम से मिलने वाले प्रतिनिधि मंडल में बृहन्न महाराष्ट्र मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शेखर रावसाहेब अमीन, महाराष्ट्र मंडल रायपुर के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल एवं सचिव पं. चेतन दंडवते शामिल रहे।