सीए फाउंडेशन 2023 की परीक्षा का नया शेड्यूल जारी... शेष परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय पर
2023-08-19 01:59 PM
351
कामर्स विषय की पढ़ाई कर रहे और चार्टर्ड एकाउंटेंट्स (सीए) बनने के लिए मेहनत कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व निर्धारित परीक्षा की तारीखों को बदल दिया गया है, वहीं अब नई तारीखों का ऐलान भी कर दिया गया है। हालांकि यह बदलाव केवल फाउंडेशन कोर्स की परीक्षाओं के लिए है, शेष परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय पर ही होंगी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक आईसीएआई सीए दिसंबर परीक्षा 2023 के फाउंडेशन कोर्स की तारीखों को बदल दिया गया है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया ने सीए परीक्षा का नया शेड्यूल जारी किया है। आईसीएआई सीए फाउंडेशन दिसंबर परीक्षा का आयोजन 31 दिसंबर 2, 4 और 6 जनवरी 2024 को किया जाएगा। वहीं पुराने शेड्यूल के अनुसार, पहले ये एग्जाम 24, 26, 28 और 30 दिसंबर 2023 को आयोजित होने वाली थी।
शेष परीक्षाएं पुराने शेड्यूल पर
सिर्फ आईसीएआई सीए परीक्षा का शेड्यूल बदला गया है, बाकी परीक्षाएं पुराने शेड्यूल पर ही आयोजित की जाएंगी। इस प्रकार इंटरमीडिएट, फाइनल और पीक्यूसी एग्जामिनेशंस की तारीखों को नहीं बदला गया है। ये 1 नवंबर से 17 नवंबर 2023 के बीच होंगी।
ग्रुप 1 और 2 एग्जाम नवंबर में
ग्रुप 1 एग्जामिनेशन की सीए इंटरमीडिएट परीक्षा का आयोजन 2, 4, 6 और 8 नवंबर 2023 को होगा। वहीं ग्रुप 2 परीक्षाएं 10, 13, 15 और 17 नवंबर 2023 को होंगी।
सीए फाइनल परीक्षा के लिए ग्रुप 1 एग्जाम 1, 3, 5 और 7 नवंबर 2023 को होगी। ग्रुप 2 के लिए परीक्षा का आयोजन 9, 11, 14 और 16 नवंबर 2023 को किया जाएगा।