'मैं पल दो पल का शायर हूं'... महान पार्श्व गायक मुकेश कुमार की... आज 47 वीं पुण्यतिथि
2023-08-27 05:41 PM
623
मायानगरी में राजकपूर की आवाज कहलाने वाले महान प्लेबैक सिंगर मुकेश कुमार की आज 47 वीं पुण्यतिथि है। 27 अगस्त 1976 को उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था, लेकिन उनके गाए हुए गाने आज भी उनकी यादों को ताजा रखे हुए हैं। मुकेश कुमार ने यूं तो सुपर स्टार राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन के अलावा कई दिग्गज कलाकारों के लिए गाने गाए, पर विशेष तौर पर राजकपूर की आवाज के तौर पर उन्हें जाना गया।
दिल्ली में 22 जुलाई 1923 को जन्में मुकेश चंद्र माथुर 10 भाई—बहनों के बीच छठवें नंबर के थे। गाने का शौक उन्हें बचपन से रहा, तो गुनगुनाते रहना उनकी आदत बन गई थी, लेकिन तब शायद किसी को पता भी नहीं था कि एक दिन उनके तराने घर—घर में गुंजेंगे। असल में वे फिल्मों में एक्टिंग करना चाहते थे, लेकिन तकदीर को कुछ और ही मंजूर था। वे मायानगरी पहुंचे, फिल्मों में रोल भी मिला, लेकिन एक्टिंग से कहीं ज्यादा उनकी आवाज पसंद की गई और वे फलक पर एक महान गायक के तौर पर स्थापित हो गए।
मुकेश कुमार के गाए कुछ गीत
1. मेरा जूता है जापानी
2. बोल राधा बोल संगम होगा कि नहीं
3. जीना यहां, मरना यहां, इसके सिवा जाना कहां
4. दोस्त दोस्त ना रहा, प्यार प्यार ना रहा
5. मैं पल दो पल का शायर हूं
6. सावन का महीना पवन करे शोर
7. क्या खूब लगती हो, बड़ी सुंदर दिखती हो
8. मैंने तेरे लिए ही सात रंग के सपने चुने