‘जय संतोषी मां’ की हीरोइन बेला बोस का निधन
2023-02-21 01:34 PM
278
डेस्क। लोगों के बीच अत्यधिक देखी जाने वाली गुजरे जमाने की फिल्म ‘जय संतोषी मां’ की हीरोइन बेला बोस का 79 वर्ष की आयु में 20 फरवरी को निधन हो गया। बेला अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री के साथ क्लासिकल डांसर भी थी। लोग नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
बेला ने 1950 से 1980 तक फिल्मी दुनिया में काम किया। उन्हें ‘जय संतोषी मां’, ‘जीने की राह’, ‘शिखर’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। बेला ने 200 से अधिक हिंदी और क्षेत्रीय भारतीय फिल्मों में काम किया है। उस जमाने की मशहूर डांसर हेलन और अरुणा ईरानी के साथ बेला भी डांस के लिए मशहूर थीं।
बेला को 1959 में रिलीज़ हुई राज कपूर की फिल्म ‘मैं नशे में हूँ’ में बड़ा ब्रेक मिला। बेला ने इस फिल्म में राज कपूर के साथ डांस नंबर किया था। 21 साल की छोटी सी उम्र में बेला ने गुरु दत्त के साथ ‘सौतेला भाई’ में मुख्य अभिनेत्री के तौर पर काम किया।
बेला जितनी अच्छी डांसर थीं उतनी ही अच्छी एक्ट्रेस भी थीं। इसके अलावा वो कवि, चित्रकार और नेशनल स्विमर भी थीं। बेला की शादी एक्टर और प्रोड्यूसर असीस कुमार से हुई थी। बेला कोलकाता में पली बढ़ी थीं, उनके पिता कोलकाता में एक बिजनेसमैन थे।