छत्तीसगढ़ में 271 सहित देश भर में स्थापित होंगे 25 हजार से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन
नईदिल्ली। भारी उद्योग मंत्रालय भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को अपनाने को बढ़ावा दे रहा है। 29 सितंबर, 2024 को, मंत्रालय ने देश में ईवी अपनाने में तेज़ी लाने, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित करने और ईवी विनिर्माण इको-सिस्टम के विकास को बढ़ावा देने के लिए पीएम इलेक्ट्रिक ड्राइव रिवोल्यूशन इन इनोवेटिव व्हीकल एन्हांसमेंट (पीएम ई-ड्राईव) योजना को अधिसूचित किया। इस योजना का बजट दो साल की अवधि के लिए 10,900 करोड़ रुपये है। कुल आवंटित बजट में से 2,000 करोड़ रुपए इलेक्ट्रिक व्हीकल पब्लिक चार्जिंग स्टेशन (ईवीपीसीएस) की स्थापना के लिए रखे गए हैं।
विद्युत मंत्रालय ने 17 सितंबर, 2024 को “इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थापना और संचालन के लिए दिशानिर्देश-2024” जारी किए हैं, जिसमें देश में कनेक्टेड और इंटरऑपरेबल इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क बनाने के लिए मानकों और प्रोटोकॉल को रेखांकित किया गया है। विद्युत मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य में 271 इलेक्ट्रिक वाहन सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित हैं। स्थापित इलेक्ट्रिक वाहन सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन की जिलावार संख्या अनुलग्नक-II में दी गई है।
नीति आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता इलेक्ट्रिक वाहनों की संरचना, चलने के पैटर्न, क्षेत्र और भूगोल, शहरीकरण पैटर्न, ईवी की तकनीक और चार्जिंग उपकरणों की तकनीक पर निर्भर करती है। चूंकि, ये सभी कारक अभी भी विकसित हो रहे हैं, इसलिए एक निश्चित संख्या में ईवी के लिए आवश्यक चार्जिंग पॉइंट की संख्या पर कोई वैश्विक सहमति नहीं है।
केंद्र की योजना अनुसार देश के सभी राज्यों में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। सबसे अधिक कर्नाटक में 5765, महाराष्ट्र में 3728, उत्तर प्रदेश में 1989, दिल्ली में 1941, तमिलनाडु में 1413, केरल में 1212, राजस्थान में 1129, गुजरात में 992, तेलंगाना में 956, मध्य प्रदेश में 903, पश्चिम बंगाल में 763, हरियाणा में 709, आंध्र प्रदेश में 601, पंजाब में 593, ओडिशा में 488, बिहार में 347, असम में 276 और छत्तीसगढ में 271 स्टेशन स्थापित होंगे।
रायपुर में 57, बिलासपुर में 28, राजनांदगांव में 24, दुर्ग में 19, सरगुजा में 15, जांजगीर-चांपा में 12, कोरबा में 11, महासमुंद में 10, बालोद में 9, धमतरी में 9, जशपुर में 9, बेमेतरा में 8, मुंगेली में 6, सुरजपुर में 6, बलौदाबाजार-भाटापारा में 5, बलरामपुर में 5, उत्तर बस्तर कांकेर में 5, बस्तर में 4, कोरिया में 3, दंतेवाड़ा में 2 सहित प्रदेश में कुल 271 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।