जन औषधि दिवस समारोह के तीसरे दिन जन औषधि-बाल मित्रों की भागीदारी
जन औषधि के बारे में जागरूक करने के लिए बाल मित्रों ने 30 राज्यों के 30 प्रमुख शहरों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया
बच्चों को निःशुल्क न्यूट्रास्यूटिकल उत्पाद दिए गए
नई दिल्ली | 7वें जन औषधि दिवस 2025 का तीसरा दिन 30 राज्यों के 30 प्रमुख शहरों में बाल मित्रों की भागीदारी के साथ मनाया गया। प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना (पीएमबीजेपी) के बारे में आने वाली पीढ़ी को जागरूक करने और जन औषधि का संदेश पहुंचाने के लिए देश भर में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को जन औषधि केंद्रों के माध्यम से बेचे जाने वाली गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाओं के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों को पोषण जैसे न्यूट्रास्युटिकल उत्पाद भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में, आकाश में लालटेन / गुब्बारे छोड़े गए।

वर्तमान में देश भर के सभी जिलों में 15,000 से अधिक जन औषधि केंद्र खोले जा चुके हैं। इस योजना के अंतर्गत सरकार का लक्ष्य 31 मार्च, 2027 तक देश भर में 25,000 जन औषधि केंद्र खोलना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर, इस योजना के बारे में जागरूकता बढ़ाने और जेनेरिक दवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हर साल 7 मार्च को “जन औषधि दिवस” मनाया जाता है। पिछले वर्षों की तरह ही 1 से 7 मार्च 2025 तक देश भर में विभिन्न स्थानों पर सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है।