देश-विदेश

ऑपरेशन सिंदूर से भारत ने अपनी भूमि पर हुए हमले का जवाब देने के स्व-अधिकार का इस्तेमाल किया: रक्षा मंत्री

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 07 मई2025 को दिल्ली कैंट स्थित मानेकशॉ सेंटर में सीमा सड़क संगठन के 66वें स्थापना दिवस समारोह में अपने संबोधन में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर द्वारा भारत ने अपनी भूमि पर हुए हमले का जवाब देने के स्व-अधिकार का इस्तेमाल किया है और सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी प्रशिक्षण केंद्रों और शिविरों को नष्ट करने में सटीकता, सावधानी और चेतनापूर्वक कार्रवाई कर इतिहास रच दिया है। रक्षा मंत्री ने जोर देकर कहा कि नागरिक आबादी को नुकसान पहुंचाए बिना योजनाबद्ध तरीके से लक्ष्यों का तबाह किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए उन्होंने सशस्त्र बलों की सराहना की।  राजनाथ सिंह ने कहा कि आज की हमारे सशस्त्र बलों की कार्रवाई पूरी दुनिया ने देखी है। बहुत योजनाबद्ध और सटीक तरीके से इसे अंजाम दिया गया। हालांकि यह कार्रवाई केवल आतंकवादियों के प्रशिक्षण में इस्तेमाल होने वाले शिविरों और संबंधित बुनियादी ढांचों को नष्ट करने तक सीमित थी, जिसका उद्देश्य खासतौर पर आतंकियों और उनके आकाओं का मनोबल तोड़ना था। रक्षा मंत्री ने कहा कि पूरे देश की ओर से इस अभियान के लिए वे सशस्त्र बलों को बधाई देते हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी बधाई देते हैं, जिन्होंने रक्षा बलों को पूरा समर्थन दिया। राजनाथ सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि आज ई-उद्घाटन की गई परियोजनाएं सड़क संपर्क बढ़ाएंगीराष्ट्रीय सुरक्षा सुदृढ़ करेंगी और संबंधित क्षेत्रों की आर्थिक समृद्धि में सहायक होंगी। रक्षा मंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं रक्षा तैयारियों को बढ़ाएंगी तथा परियोजना क्षेत्रों में परिवहन, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देंगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि ये मात्र बुनियादी ढांचे परिसंपत्तियां नहीं, बल्कि उज्जवल भविष्य के मार्ग हैं।

रक्षा मंत्री ने सीमा सड़क संगठन के कार्यों को रणनीतिक महत्व का बताते हुए कहा कि आधुनिक रक्षा क्षमता सिर्फ़ हथियारों पर ही नहीं, बल्कि उन्हें समर्थन देने वाले बुनियादी ढांचे पर भी निर्भर होती है। उन्होंने कहा कि आपके पास सबसे तेज़ टैंक या सबसे उन्नत विमान हो सकते हैं, लेकिन अगर वे समय पर ज़रूरत के मुताबिक नहीं पहुंच पाएं, तो वे अर्थहीन हो जाते हैं। सीमा सड़क संगठन यह सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है कि हमारी सेना हमेशा तैयार और परिचालन सुविधायुक्त रहे। उन्होंने पर्दे के पीछे रहकर भी राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान देने वाले सीमा सड़क संगठन के कर्मयोगियों की भरपूर सराहना की।  राजनाथ सिंह ने वर्तमान भू-राजनीतिक परिदृश्य को देखते हुए सशस्त्र बलों के लिए नई पीढ़ी के आधुनिक ढांचे के निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सीमा सड़क संगठन को यह सुनिश्चित करना होगा कि इसकी तैयारी युद्ध स्तर पर हो।

  

----------