देश-विदेश

पीएम मोदी के दौरे से ठीक पहले... भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को पुलिस ने आधी रात किया गिरफ्तार... कार्यकर्ताओं का फूटा आक्रोश

करीमनगर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 8 अप्रैल को तेलंगाना के दौरे पर रहेंगे। प्रदेश भाजपा पीएम मोदी के दौरे को लेकर उत्साहित होकर तैयारियों में जुटी हुई थी, इस बीच मंगलवार रात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बंदी संजय कुमार को पुलिस ने उनके करीमनगर आवास से गिरफ्तार कर लिया है। देर रात गिरफ्तारी को लेकर भाजपा समर्थकों ने जमकर विरोध किया, इस दौरान पुलिस के साथ टकराव की भी स्थिति बन गई थी। 
 
गिरफ्तारी को लेकर जो बात सामने आ रही है, उसके मुताबिक भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बंदी संजय कुमार पर एसएससी बोर्ड परीक्षा का पर्चा लीक किए जाने का आरोप है, जिसके चलते गिरफ्तार किया जाना बताया जा रहा है। पुलिस बंदी संजय को पहले यद्रादी भुवनगिरी जिले के बोम्माला रामाराम पुलिस स्टेशन ले गई। भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पुलिस कार्रवाई का विरोध करने यहां भी बड़ी संख्या में पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने संजय को बुधवार सुबह करीब 11 बजे जनगांव जिले के पालाकुर्थी में मेडिकल एग्जाम के लिए ले गई। उन्हें आज ही वारंगल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
 
 
बंदी संजय के खिलाफ करीमनगर और वारंगल में दो FIR दर्ज हुई हैं। ये दोनों FIR भाजपा कार्यकर्ताओं के हंगामे और छात्रों को विरोध प्रदर्शन करने के लिए उकसाने के आरोप में की गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 अप्रैल को तेलंगाना के दौरे पर रहेंगे। वे हैदराबाद में वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। PM के आने से ठीक तीन दिन पहले बंदी संजय की गिरफ्तारी से तेलंगाना की राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। बता दें कि राज्य में इसी साल के आखिरी महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं।
 
बंदी संजय को हिरासत में लिए जाने के बाद भाजपा के प्रदेश महासचिव प्रेमेंद्र रेड्‌डी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बंदी संजय को अवैध रूप से गिरफ्तार किया गया है। यह और कुछ नहीं, राज्य में होने वाले PM के कार्यक्रम में खलल डालने की कोशिश है।
 

उन्होंने कहा कि बंदी संजय को ऐसे रात में गिरफ्तार करने की क्या जरूरत थी? उन्हें किस मामले में गिरफ्तार किया गया है, इस बारे में भी हमें नहीं बताया गया है। हमें पता है कारण यह है कि वे राज्य सरकार से सवाल पूछ रहे हैं और KCR सरकार किसी भी तरह राज्य में PM मोदी के दौरे में बाधा डालने की कोशिशें कर रही है। हम राज्यभर में बंदी संजय की अवैध गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन करेंगे। 

----------