देश-विदेश

दिग्गज कांग्रेस नेता के बेटे ने... कांग्रेस का हाथ छोड़... भाजपा का थामा दामन... 3 माह पहले कह दिया था अलविदा

दिल्ली। कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी (AK Antony) के बेटे अनिल एंटनी ने गुरुवार को भाजपा का दामन थाम दिया। केरल कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के पूर्व संयोजक अनिल एंटनी (Anil Antony) दिल्ली में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal), वी मुरलीधरन, केरल भाजपा अध्यक्ष के सुरेंद्रन की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। 
 
इस दौरान अनिल एंटनी ने कहा कि एक भारतीय युवा होने के नाते मुझे ऐसा लगता है कि यह मेरी जिम्मेदारी और कर्तव्य है कि मैं प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता के दृष्टिकोण में अपना योगदान दूं। अनिल एंटनी ने 2002 के गुजरात दंगों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर विवाद के बाद बीते जनवरी के महीने में कांग्रेस छोड़ दी थी। 

अनिल एंटनी ने बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री को भारतीय संस्थानों के विचारों से अधिक महत्व दिए जाने को खतरनाक चलन बताते हुए कहा था कि इससे देश की संप्रभुता प्रभावित होगी। उन्होंने बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री को भारत के खिलाफ पक्षपातपूर्ण कहा था। इस प्रतिक्रिया के बाद उन्हें कांग्रेस के भीतर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था।

पार्टी छोड़ने से पहले अनिल एंटनी केरल में कांग्रेस का सोशल मीडिया सेल चलाते थे। बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उनका बीजेपी में स्वागत करते हुए कहा कि अनिल एंटनी एक बहुआयामी व्यक्तित्व हैं। जब मैंने अनिल एंटनी की साख देखी तो मैं बहुत प्रभावित हुआ। उनके विचार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों के समान हैं। हमें विश्वास है कि वह बहुत सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे और दक्षिण भारत में बीजेपी के पदचिह्न को बढ़ाने में मदद करेंगे। 

----------