देश-विदेश

राजधानी के स्कूल में बम की खबर से मचा हड़कंप... खाली कराया गया पूरा स्कूल... बम स्क्वाड के साथ पहुंची पुलिस

दिल्ली के सादिक नगर में स्थित एक स्कूल को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद खाली करवाया गया है। जानकारी के अनुसार स्कूल प्रशासन को एक धमकी भरा ईमेल आया था, जिसमें बम होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को फोन किया और बच्चों को स्कूल के बाहर निकाला गया। पुलिस को अभी तक की जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला है।

पुलिस के मुताबिक, सादिक नगर स्थित एक स्कूल को सुबह 10 बजकर 49 मिनट पर एक ईमेल भेजा गया, जिसमें दावा किया गया कि उसके परिसर में बम रखा गया है। बम की सूचना पुलिस को दिए जाने के साथ ही स्कूल प्रबंधन ने तत्काल एहतियात के तौर पर स्कूल को खाली करा लिया।
 
ये खबर मिलते ही ज्यादातर छात्रों के माता-पिता स्कूल पहुंच गए और गेट के बाहर इकट्ठे हो गए, जिन्होंने बताया कि उन्हें स्कूल से संदेश मिला था कि अपने बच्चों को घर ले जाएं। 

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी चंदन चौधरी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया,  यह पहली बार नहीं है जब स्कूल प्रशासन को बम की धमकी मिली है। पिछले साल नवंबर में, एक अज्ञात व्यक्ति ने ऐसा ही ईमेल भेजा था, वह फर्जी ईमेल था। हमारी टीमें बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर हैं। स्कूल की तलाशी ली जा रही है, अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।  

----------