ऊधमसिंह नगर: यहां फर्जी आधार-पैन और मार्कशीट बनाने वाले जन सेवा केंद्र पर STF की बड़ी कार्रवाई
2026-02-19 08:29 AM
22
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में फर्जी दस्तावेज बनाने के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में संचालित एक जन सेवा केंद्र पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी तरीके से आधार कार्ड, पैन कार्ड और मार्कशीट बनाने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और केंद्र को सील कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि एसटीएफ टीम ने थाना ट्रांजिट कैंप, जनपद ऊधमसिंह नगर स्थित गंगवार जन सेवा केंद्र में छापेमारी की। यहां कंप्यूटर के माध्यम से फर्जी तरीके से मार्कशीट तैयार करते हुए चेतन कुमार पुत्र राजपाल निवासी ग्राम एंचौरा थाना पटवाई, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले एक साल से यह जन सेवा केंद्र चला रहा था। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र सिडकुल के नजदीक होने और अत्यधिक भीड़भाड़ वाला इलाका होने के कारण यहां बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में लोग नौकरी की तलाश में आते हैं। सिडकुल में उत्तराखंड के लोगों को प्राथमिकता मिलने के चलते बाहरी राज्यों से आए लोग अपने आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों में पता बदलवाने या फर्जी दस्तावेज बनवाने के लिए इस केंद्र का सहारा लेते थे।
एसटीएफ के मुताबिक आरोपी एक विशेष सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन के जरिए ग्राहकों की फोटो लेकर उनके बताए गए नाम और पते को एडिट कर फर्जी आधार कार्ड प्रिंट कर देता था। तलाशी के दौरान दुकान से बड़ी संख्या में प्लास्टिक के पैन कार्ड, आधार कार्ड और कई फर्जी मार्कशीट बरामद की गईं। जांच में पाया गया कि अधिकांश आधार कार्ड में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के पते दर्ज थे, जिन्हें कूट रचित किया गया था।
आरोपी के खिलाफ थाना ट्रांजिट कैंप में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फर्जी तरीके से संचालित गंगवार जन सेवा केंद्र को सील कर दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि बाहरी राज्यों के लोग उत्तराखंड आकर अपने आधार कार्ड में नाम और पता परिवर्तित कराकर यहां की पहचान बनाते थे और सिडकुल में फर्जी तरीके से नौकरी हासिल कर रहे थे। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले एक वर्ष में लगभग 200 से 300 लोगों के फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और मार्कशीट तैयार कर चुका है।
एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।