'जाणता राजा’ में अभिनय के लिए महिला, पुरुष और बच्चों ने दिया ऑडिशन
2026-02-18 03:03 PM
84
- पहले दिन 40 से अधिक लोगों ने किया अलग-अलग पात्रों का अभ्यास
रायुपर। छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और हिंदवी स्वराज्य की स्थापना पर आधारित एक विश्व प्रसिद्ध, भव्य ऐतिहासिक महानाट्य 'जाणता राजा' का मंचन साइंस कालेज मैदान में 19 से 22 फरवरी तक होगा। तीन घंटे चलने वाले इस नाटक में स्थानीय कलाकारों को भी लिया जा रहा है। जिसके लिए 17 फरवरी को महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में ऑडिशन लिया गया। पहले दिन 40 से अधिक महिला और पुरुषों के साथ कुछ बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
महाराष्ट्र मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि कलाकारों और नेपथ्य में काम करने वालों की लंबी फौज होने के बावजूद भव्य रंगमंच पर मंचित होने वाले इस नाटक में स्थानीय कलाकारों को भी कई महत्वपूर्ण भूमिका देने के लिए आडिशन लिया जा रहा है। 'जाणता राजा’ टीम के साथ पुणे से पहुंचे योगेश शिरोळे, कौशिक नाईक और वैभव जोशी ऑडिशन ले रहे है।
सचिव दंडवते ने बताया कि अभी पोवड़ा, कोली गीत और दिंडी नृत्य का अभ्यास किया जा रहा है। तीन घंटे के इस महानाट्य के लिए 10 से 15 वर्ष आयु वर्ग, 20 से 35 वर्ष आयु वर्ग और 40 से 50 वर्ष आयु वर्ग की कैटेगरी में आडिशन हुआ। शाम 5 बजे शुरू हुआ आडिशन रात 9 बजे तक चलता रहा।