महाराष्ट्र मंडल में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर 19 फरवरी को दोपहर 12 बजे महाआरती
2026-02-18 10:03 PM
57
रायपुर। छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर महाराष्ट्र मंडल में युवा समिति के मार्गदर्शन में गुरुवार, 19 फरवरी को दोपहर 12 बजे महाआरती की जाएगी। इससे पहले मंडल के समस्त पदाधिकारी सुबह 11 बजे राज्यपाल रमेन डेका का स्वागत करने के लिए तात्यापारा चौक पर उपस्थित रहेंगे। राज्यपाल सुबह 11 बजे तात्यापारा चौक पर प्रतिष्ठित शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के लिए पहुंचेंगे।
युवा समिति के समन्वयक विनोद राखुंडे ने बताया कि इस बार शिवाजी महाराज जयंती पर वैसे कार्यक्रम नहीं होंगे, जैसे हर साल होते हैं। इसकी वजह साइंस कॉलेज मैदान पर 19 से 22 फरवरी तक शाम को साढ़े छह बजे पुणे की नाट्य मंडली की ओर से सुप्रसिद्ध नाटक 'जाणता राजा' का मंचन है। मंडल में तमाम पदाधिकारियों, सभासदों के साथ युवा समिति के सदस्य छत्रपति शिवाजी महाराज की महाआरती करेंगे। तत्पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि शिवाजी महाराज जयंती पर हम तात्यापारा चौक या महाराष्ट्र मंडल में कोई कार्यक्रम करते हैं, तो इससे शिवाजी महाराज को मानने वालों की भीड़ बंट जाएगी। यह हम नहीं चाहते। ‘जाणता राजा’ में महाराष्ट्र मंडल के अनेक सभासदों के अलावा रायपुर के भी कई रंगसाधक काम कर रहे हैं। हमारी कोशिश यही है कि लोग चारों दिन बड़ी संख्या में नाटक देखने के लिए पहुंचें।