देश-विदेश

एपीडा ने गंगटोक में सिक्किम जैविक सम्मे लन-सह-अंतर्राष्ट्रीय क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का आयोजन किया

 देलही : भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने सिक्किम सरकार के सहयोग से और आईएफओएएम-एशिया के साथ मिलकर सिक्किम के गंगटोक में सिक्किम जैविक सम्‍मेलन-सह-अंतर्राष्ट्रीय क्रेता-विक्रेता सम्मेलन (आईबीएसएम) का आयोजन किया।

सम्मेलन के दौरान, सिक्किम में जैविक कृषि उत्पादों की आपूर्ति श्रृंखला और निर्यात तैयारी पर अध्ययन नामक एक जानकारी रिपोर्ट जारी की गई। एनआईसीडीसी लॉजिस्टिक्स डेटा सर्विसेज लिमिटेड (एनएलडीएसएल) द्वारा तैयार की गई यह रिपोर्ट, बेहतर बुनियादी ढांचे, सुव्यवस्थित प्रक्रियाओं, उन्नत एकत्रीकरण, पारदर्शी मूल्य निर्धारण और रणनीतिक बाजार स्थिति के माध्यम से सिक्किम के जैविक निर्यात पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए एक रोडमैप प्रस्तुत करती है। यह रिपोर्ट स्थिरता, पता लगाने की क्षमता और किसान-केंद्रित विकास सुनिश्चित करते हुए निर्यात प्रतिस्पर्धा में सुधार के उपायों की पहचान करती है।

इस आयोजन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण भागीदारी देखी गई, जिसमें दक्षिण कोरिया, संयुक्‍त अरब अमीरात, मंगोलिया, सऊदी अरब, ओमान, सिंगापुर, नॉर्वे, कुवैत और ब्रिटेन सहित 17 देशों के लगभग 40 खरीदार शामिल हुए। एनसीईएल, बेसिलिया ऑर्गेनिक्स, फ्लेक्स फूड्स और नेक्स्टन सहित लगभग 20 प्रमुख भारतीय निर्यातकों ने सिक्किम के लगभग 100 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ/एफपीसी) के साथ एक संरचित क्रेता-विक्रेता बैठक में भाग लिया। इस चर्चा का समन्वय सिक्किम सरकार के कृषि एवं बागवानी विभाग और सिक्किम जैविक कृषि विकास एजेंसी (एसओएफडीए) द्वारा किया गया था।

उद्घाटन सत्र में सिक्किम सरकार के कृषि मंत्री पूरन कुमार गुरुंग; एपीडा के अध्यक्ष अभिषेक देव; सिक्किम सरकार के कृषि एवं बागवानी विभाग के आयुक्त एवं सचिव जिग्मी दोरजी भूटिया; आईएफओएएम ऑर्गेनिक्स एशिया की कार्यकारी निदेशक जेनिफर एच. चांग; के साथ-साथ एपीईडीए, सिक्किम सरकार और जैविक एवं निर्यात क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति और अधिकारी उपस्थित थे।

----------