रक्षा खडसे ने मेघालय सरकार के साथ खेल और युवा विकास पहलों की समीक्षा की
देलही : केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने आज मेघालय की खेल एवं युवा कार्य मंत्री वालदमिकी शिला और मेघालय सरकार के आयुक्त एवं सचिव डॉ. विजय कुमार डी के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य राज्य में चल रही खेल एवं युवा विकास पहलों का आकलन करना और केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच सहयोग को मजबूत करने के अवसरों का पता लगाना था।
इस बैठक में मेघालय सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण, मेघालय राज्य ओलंपिक संघ और राज्य में खेल और युवा विकास से जुड़े अन्य हितधारकों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान मेघालय के खेल इकोसिस्टम, युवा सहभागिता पहलों, अवसंरचना परियोजनाओं और एथलीट विकास कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा हुई। इनका उद्देश्य जमीनी स्तर पर भागीदारी को मजबूत करना और खेल उत्कृष्टता के लिए मार्ग प्रशस्त करना है।
राज्य सरकार ने खेल क्लबों, संघों और खिलाड़ियों को सहयोग देने के लिए शुरू की गई विभिन्न पहलों की जानकारी दी। इसमें युवाओं और खेल संबंधी गतिविधियों के लिए अनुदान आधारित सहायता व्यवस्था, लक्षित युवा विकास योजनाएं और खिलाड़ियों के लिए छात्रवृत्ति कार्यक्रम शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि राज्य खेल छात्रवृत्ति योजना के तहत वर्तमान में लगभग 900 खिलाड़ियों को सहायता दी जा रही है।
बैठक के दौरान दक्षिण अमेरिकी फुटबॉल विकास के सफल मॉडलों से प्रेरित मुख्यमंत्री फुटबॉल मिशन के तहत मेघालय की प्रमुख जमीनी स्तर की फुटबॉल पहलों पर भी चर्चा हुई। वर्तमान में 125 केंद्रों के माध्यम से संचालित यह पहल लगभग 10,000 खिलाड़ियों को सहयोग प्रदान करती है और मेघालय से कई अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ियों की सफलता में इसका महत्वपूर्ण योगदान है।
इस समीक्षा बैठक में मेघालय की मावखानू फुटबॉल स्टेडियम की प्रगति के अलावा राज्य में खेल अवसंरचना को मजबूत करने की योजनाओं पर भी चर्चा की गई। इस स्टेडियम को क्षेत्र के सबसे बड़े फुटबॉल स्टेडियमों में से एक के रूप में परिकल्पित किया गया है और राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह के लिए संभावित स्थल के रूप में इस पर विचार किया जा रहा है। बैठक के दौरान उमसावली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और उमथम स्थित स्लैलम कोर्स सहित अवसंरचना परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।