उत्तराखंड: IMD अलर्ट के बाद प्रशासन का बड़ा आदेश, केदारनाथ यात्रा पर लगी अस्थायी रोक
2026-06-01 08:35 AM
169
उत्तराखंड| उत्तराखंड में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी है। मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा।
गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि राज्य के कई पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। ऐसे में यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को देखते हुए फिलहाल यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासन ने ऋषिकेश, श्रीनगर समेत विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के निर्देश दिए हैं। रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार रात से लगातार बारिश जारी है। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार केदारनाथ धाम और पूरी केदार घाटी में मौसम बेहद खराब बना हुआ है। इसी कारण गुप्तकाशी, फाटा, रामपुर, शेरसी, सोनप्रयाग और गौरीकुंड जैसे होल्डिंग क्षेत्रों में हजारों यात्रियों को रोका गया है। वहीं केदारनाथ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित नीचे लाया जा रहा है।
पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रख रही हैं। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम सामान्य होने तक धैर्य बनाए रखने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।केवल केदारनाथ ही नहीं, बल्कि बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब क्षेत्र में भी मौसम का असर देखने को मिल रहा है। बद्रीनाथ के नर-नारायण और नीलकंठ पर्वतों पर बर्फबारी हो रही है, जबकि हेमकुंड साहिब में भी लगातार हिमपात दर्ज किया गया है। चमोली जिले के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश जारी है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड में पिछले चार महीनों के दौरान सामान्य से करीब 45 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। हालांकि मौसम की चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था बरकरार है। इस वर्ष 22 अप्रैल से शुरू हुई केदारनाथ यात्रा में महज 39 दिनों के भीतर 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं, जो अपने आप में एक नया रिकॉर्ड माना जा रहा है।