चित्रकारों का तीर्थ बन गया म.प्र. का पाटनगढ़
भोपाल : पाटनगढ़ अब चित्रकारों का तीर्थ बन गया है। पाटनगढ़ पूर्वी मध्यप्रदेश के जनजातीय जिले डिंडोरी के करंजिया विकासखंड का छोटा सा गाँव है। पाटनगढ़ अब वैश्विक नक्शे पर ध्रुव तारे की तरह चमक रहा है। यह अत्यंत प्रतिभावान और अपने जीवनकाल में ही प्रसिद्धि के शिखर पर पहुंचे गोंड चित्रकार जनगढ़ सिंह श्याम का गाँव है। वे जल्दी ही विदा हो गये लेकिन अपने समाज की विरासत गोंड चित्रकला को नया जीवन दे दिया। आज कई प्रतिभावान गोंड चित्रकार पेंटिंग के माध्यम से न सिर्फ अपनी आजीविका चला रहे है बल्कि अपनी कल्पनाशीलता और सृजनात्मकता से गोंड चित्रकला को निरंतर समृद्ध कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अति महत्वपूर्ण व्यक्तियों, मेहमानों को गोंड पेंटिंग उपहार स्वरूप भेंट कर इसे पूरी दुनिया में पहुंचा दिया।
पाटनगढ़ करीब 300 घरों का गाँव हैं। सभी घर गोंड या उनकी उपजाति प्रधान लोगों के हैं। वे सब गोंड चित्रकला के राजदूत बन गये हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गोंड चित्रकारों को भरपूर प्रोत्साहन दे रहे हैं। नई पीढ़ी के गोंड चित्रकार राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भाग ले रहे हैं। गोंड चित्रकला अब जीआई टैग से सुशोभित है। इसलिए विश्व के कला बाजारों में इनकी मांग बनी रहती है। जनगढ़ सिंह श्याम की प्रतिभा खोज निकालने का श्रेय मशहूर कला मर्मज्ञ और चित्रकार स्व. जे. स्वामीनाथन को जाता है।
आज जब देश जनजातीय गौरव दिवस मना रहा है, मध्यप्रदेश की अनूठी गोंड चित्रकारी की चर्चा करना प्रासंगिक हो जाती है। जिस प्रकार गोंड पेंटिंग के प्रति शहरी समुदाय और कला प्रेमियों का आकर्षण बढ़ा है उससे गोंड पेंटिंग की प्रसिद्धि पूरी दुनिया में पहुंच गई है।
आत्माराम श्याम पाटनगढ़ के पास के गांव सुनपुरी के युवा गोंड चित्रकार हैं। वे पिछले लगभग सात वर्षों से भोपाल में बतौर चित्रकार सक्रिय हैं। वे गोंड चित्रकला के संरक्षण, संवर्धन और प्रसार के लिए समर्पित हैं। उनकी चित्रकला में गोंड समुदाय की संस्कृति, परंपराएँ, लोककथाएँ, रीति-रिवाज, वन्यजीवन, प्रकृति और मानव तथा पर्यावरण के आपसी संबंधों का सुंदर चित्रण है।