देश-विदेश

अब जनता को अपने कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे : मुख्यमंत्री

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अब जनता को अपने कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म-दिन 17 सितंबर से मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान का प्रथम चरण चलाया गया था, जिसमें अधिकारियों द्वारा गांव-गांव, वार्ड- वार्ड जाकर जनता के कार्य किए और पात्र लोगों को शासकीय योजनओं से जोड़ा। इस दौरान प्रदेश में 83 लाख नए हितग्राहियों के नाम विभिन्न योजनाओं में जोड़े गए।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज से मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान का दूसरा चरण शुरू हो रहा है। अधिकारी और जन-प्रतिनिधि गांव-गांव जायेंगे और जनता के कार्य करेंगे। आगामी 16 से 31 मई तक पूरे प्रदेश की हर पंचायत में शिविर लगाए जाएंगे। सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का निराकरण भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री चौहान आज अलीराजपुर जिले के जोबट में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान 2.0 का विधिवत शुभारंभ किया। साथ ही 332 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी किए।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश की बहनों की जिंदगी बदलने के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना शुरू की गई है। इस योजना में अगले माह की 10 तारीख से प्रत्येक माह बहनों को 1000 रूपये महीने उनके खातों में दिए जाएंगे। साथ ही वृद्धावस्था पेंशन की राशि भी बढ़ा कर 1000 रुपये कर दी जाएगी।

अब बूढ़ी सास और बहू दोनों को 1000 रुपये महीने मिलेंगे। गरीब किसान पति को भी वर्ष में 10 हजार किसान सम्मान निधि एवं किसान-कल्याण योजना से दिये जायेंगे। सरकार गरीबों को नि:शुल्क राशन, मकान, दवाएँ उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री भू-आवासीय अधिकार योजना में गरीबों को मकान बनाने के लिए प्लॉट दिए जा रहे हैं।

 

----------