महिलाओं, युवाओं, किसानों के जीवन में खुशहाली लाना हमारा मकसद
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि महिलाओं, युवाओं और किसानों के जीवन में खुशहाली लाना ही हमारा मकसद है। लाड़ली बहना योजना में धीर-धीरे बहनों को एक हजार रूपए से बढ़ाकर तीन हजार रूपए तक की राशि हर माह उपलब्ध कराई जायेगी। प्रदेश में 15 अगस्त तक एक लाख लोगों को शासकीय नौकरी में भर्ती किया जायेगा। इसके बाद और 50 हजार युवाओं को शासकीय नौकरी उपलब्ध कराई जायेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शनिवार को गुना जिले के राघौगढ़ में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन में यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक माह की 10 तारीख को लाड़ली बहनों के खाते में पैसे डालने का कार्य सरकार कर रही है। आने वाली 10 तारीख को पुन: बहनों के खाते में राशि डाली जाएगी। प्रतिवर्ष सरकार 15 हजार करोड़ रूपए की राशि बहनों के खातों में डालेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 तारीख को ही यह घोषित किया जायेगा कि अब 21 वर्ष की बहनें भी लाड़ली बहना में शामिल होंगी। साथ ही जिन बहनों के परिवार में ट्रेक्टर है, उन्हें भी इस योजना का लाभ दिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राघौगढ़ के विकास में सरकार कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी। वर्ष 2003 से पूर्व राघौगढ़ में न सड़क थी, न बिजली और न ही पीने का पानी था। सड़कों की हालत भी बहुत ही खराब थी। 2003 के बाद हमने यहाँ विकास के अनेक कार्य किए हैं और विकास की गति को हम रूकने नहीं देंगे।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार ने महिला शक्ति को आगे बढ़ाने का काम किया है, जिससे नारी शक्ति अपनी प्रगति का मार्ग स्वयं तय कर सकती है। देश-प्रदेश में बेटियाँ अब बोझ नहीं रही हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा शुरू की गई लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना एवं मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना ने इसमें महती भूमिका निभाई है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में जो कार्य हुआ है वह देश में अनुकरणीय है।