विकसित भारत संकल्प यात्रा की वास्तविक सफलता- अंतिम व्यक्ति तक पहुंच: रमेश बैस
नईदिल्ली। पालघर जिले के दहानू में सेंट मैरी हाई स्कूल में आज विकसित भारत संकल्प यात्रा से संबद्ध एक मेगा शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस ने कुछ पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ वितरित किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले बुधवार (15 नवंबर, 2023) को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर झारखंड के खूंटी से विकसित भारत संकल्प यात्रा को रवाना किया था। सूचना और प्रसारण मंत्रालय की सूचना, शिक्षा और संचार वैन सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए महाराष्ट्र के पांच जनजातीय जिलों, अर्थात् पालघर, गढ़चिरौली, नांदेड़, नासिक और नंदुरबार तालुका में प्रचार-प्रसार कर रही हैं।
पालघर में मेगा शिविर को संबोधित करते हुए, महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस ने कहा कि देश के समग्र विकास के लिए विकास की गतिविधियां ग्रामीण क्षेत्रों में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी योजना की वास्तविक सफलता तब होती है जब अंतिम व्यक्ति इनसे लाभान्वित हो सके। राज्यपाल ने कहा कि स्वाधीनता के 75 साल बाद भी भारत एक विकासशील देश है, हमने अपने देश को विकसित करने का संकल्प लिया है। केंद्र सरकार की विकसित भारत संकल्प यात्रा पहल की सराहना करते हुए कहा कि देश में समानता लाने के लिए जनजातीय समाज और ग्रामीण क्षेत्रों का होना आवश्यक है।
केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल, महाराष्ट्र सरकार के पालघर के संरक्षक मंत्री रवींद्र चव्हाण, जिला परिषद अध्यक्ष प्रकाश निकम, सांसद राजेंद्र गावित, विधायक विनोद भिवा निकोले, पालघर के जिला कलेक्टर गोविंद बोडके, कोंकण जोन के विशेष महानिरीक्षक प्रवीण पवार और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
राज्यपाल ने सभी से अपील की कि वे केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान एवं लाभ के लिए लायी गयी विभिन्न योजनाओं के बारे में जानें। उन्होंने आग्रह किया कि हर किसी को यह जानकारी होनी चाहिए कि वे इसके लिए पात्र हैं या नहीं और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।