देश-विदेश

मुंबई अंतर्राष्‍ट्रीय फिल्‍म समारोह के वृत्‍तचित्र फिल्म बाजार में प्रविष्टियां जमा कराने की समय सीमा अब 10 अप्रैल तक

नईदिल्ली।  सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने 18वें मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (एमआईएफएफ) के साथ आयोजित होने वाले पहले वृत्‍तचित्र फिल्म बाजार के लिए परियोजनाओं की प्रस्तुति तिथियों के विस्तार की घोषणा की है। देश के भौगोलिक रूप से दूरदराज के क्षेत्रों में काम करने वाले फिल्म निर्माताओं द्वारा अपने प्रोजक्‍ट प्रस्तुत करने में आसानी के लिए समय सीमा, जो पहले 31 मार्च, 2024 थी, अब 10 अप्रैल, 2024 तक बढ़ा दी गई है। जमा कराने की प्रक्रिया पर अधिक विवरण एमआईएफएफ की वेबसाइट www.miff.in पर उपलब्ध है।

यह बाज़ार 16 से 18 जून 2024 तक मुंबई में आयोजित किया जाएगा। वृत्‍तचित्र फिल्म बाज़ार का उद्देश्य फिल्म निर्माण, उत्पादन और वितरण में प्रतिभा दिखाने वाली डॉक्यूमेंट्री, लघु फिल्मों और एनीमेशन सामग्री को बढ़ावा देने और सहयोग करने के लिए तैयार किया गया अपनी तरह का पहला व्यापक मंच बनना है।

वृत्‍तचित्र फिल्म बाजार के प्रमुख खंडों में वृत्‍तचित्र को-प्रोडक्शन मार्केट (वृत्‍तचित्र सीपीएम), वृत्‍तचित्र व्यूइंग रूम (वृत्‍तचित्र वीआर) और वृत्‍तचित्र वर्क-इन-प्रोग्रेस लैब (वृत्‍तचित्र डब्ल्यूआईपी) शामिल हैं, जिसके लिए फिल्म निर्माताओं को अपनी फिल्में जमा करने के लिए आमंत्रित किया जाता है। वृत्‍तचित्र को-प्रोडक्शन मार्केट (सीपीएम) एक ऐसा मंच है जिसे विशेष रूप से वैश्विक फिल्म बिरादरी से कलात्मक और वित्तीय सहायता प्राप्त करने के लिए तैयार किया गया है। यह विश्व स्तर पर फिल्म निर्माताओं और संभावित निर्माताओं या सह-निर्माताओं के बीच साझेदारी को सुविधाजनक बनाने वाला एक खंड है। यह वृत्तचित्र और एनीमेशन फिल्म परियोजनाओं के लिए सहयोग, सह-निर्माण और वित्त पोषण के अवसरों के लिए एक मंच प्रदान करता है।

----------